सियाचिन में शहीद हुए अमर का पार्थिव देह शिवपुरी पहुंचा, उनकी याद में बनेगा शहीद पार्क

शिवपुरी. सेना के वाहन में शहीद अमर शर्मा की पार्थिव देह। पीछे-पीछे वंदे मातरम और भारत माता की जय जैसे नारे लगाते हुए चल रहे हजारों लोग। शहीद अमर शर्मा की पार्थिव देह जैसे ही उनके गृहग्राम खरई भाट पहुंची पूरा गांव उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। हर आंख में आंसू थे। अमर सिंह का अंतिम संस्कार रात करीब 11.30 बजे किया। जिस जगह पर उनका अंतिम संस्कार हुआ वहीं उनकी याद में शहीद पार्क भी बनेगा। अमर शर्मा का देहावसान गुरुवार को हार्टअटैक की वजह से हुआ था। वे सियाचिन में मानइस 30 डिग्री तापमान में देश की सुरक्षा में तैनात थे। शहीद अमर शर्मा की पार्थिव देह रात करीब 8 बजे शिवपुरी पहुंची। शिवपुरी में 18वीं बटालियन गेट पर पहुंचते ही अफसरों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव देह को 12 किमी दूर शहीद के गृहग्राम खरई भाट के लिए रवाना किया गया। एसडीएम विवके रघुवंशी ने बताया कि शहीद अमर शर्मा की पार्थिव देह को हवाई मार्ग से लद्दाख से दिल्ली लाया गया था। इसके बाद पार्थिव देह को विमान से ग्वालियर लाया गया। यहां पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव देह को शिवपुरी रवाना किया गया। शिवपुरी से सेना के वाहन से शहीद के गृहग्राम तक लाया गया। यहां उनका अंतिम संस्कार हुआ। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए गांव में 50 हजार से ज्यादा लोग और 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

अंत्येष्टि के लिए सरकारी जमीन हुई चिन्हित बनेगा शहीद पार्क
भारतीय पूर्व सैनिक संगठन इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन शिवपुरी के जिला अध्यक्ष रिटायर्ड कैप्टन सीपी शर्मा ने बताया कि शिवपुरी के शहीद जवान की अंत्येष्टि के लिए सरकारी 3 बीघा जमीन चयनित की गई है। जहां शहीद का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसी जगह शहीद पार्क भी बनाया जाएगा।

2 साल पहले ही हुई थी शादी
अमर शर्मा का जन्म 1996 में खरई भाट गांव में हुआ था। उनके 2 भाई हैं, सतेंद्र शर्मा (24) और अरुण शर्मा (22)। अमर के पिता पेशे से किसान हैं। अमर ने 2015 में छतरपुर में सेना की भर्ती परीक्षा दी थी। जबलपुर में ट्रेनिंग के बाद गुवाहाटी में पहली पोस्टिंग मिली थी। 2 साल बाद अमर की पोस्टिंग लद्दाख के सियाचिन में हुई थी। 2 साल पहले 2020 में अमर की शादी हुई थी।

सियाचिन में ड्यूटी के वक्त आया हार्टअटैक
देश की रक्षा में सियाचिन में तैनात मध्यप्रदेश का बेटा शहीद हो गया। दुश्मन तो उसका बाल भी बांका नहीं कर सके, लेकिन वहां के विपरित हालत में अपना कर्तव्य निभाते हुए वह वतन पर मर मिटा। ये जवान माइनस 30 डिग्री तापमान में वतन की हिफाजत के लिए तैनात था। शिवपुरी जिले के रहने वाले जवान अमर शर्मा अब अमर हो गए। 26 साल के अमर शर्मा सियाचिन में तैनात थे। जहां हाड़ कंपा देने वाली ठंडी (-30 डिग्री) में वह दुश्मनों से देश की रक्षा के लिए डटे हुए थे। ड्यूटी के दौरान हॉर्ट अटैक से उनका निधन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *