ग्वालियर में महापौर के अल्टीमेटम के बाद एक सप्ताह में सड़कें सुधारने का दावा, लश्कर से होगी शुरूआत
ग्वालियर. दीपावली के पहले सड़कें सुधारने के लिए महापौर शोभा सिकरवार द्वारा दिए गए अल्टीमेटम के बाद नगर निगम के अधिकारी एक सप्ताह में शहर की सड़कों की मरम्मत कराने का दावा कर रहे हैं। दीपावली के अवसर पर अधिकतर लोग लश्कर क्षेत्र के बाजारों में खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम के अधिकारी इन्हीं इलाकों से सड़कों की मरम्मत की शुरूआत करेंगे। इसके लिए मंगलवार से सर्वे शुरू कराया जाएगा और फिर इसी सप्ताह सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
सोमवार को महापौर शोभा सिकरवार ने निगम अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिए थे कि शहर में सड़कों की हालत बहुत ज्यादा खराब है और दीपावली का त्यौहार भी नजदीक है। ऐसे में गारंटी पीरियड की जो 113 सड़कें हैं, उन्हें संबंधित ठेकेदारों से सुधरवाया जाए। यदि ठेकेदार काम नहीं करते हैं, तो उन्हें ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई की जाए। बिना गारंटी वाली सड़कों पर नगर निगम अमला युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर पैंच रिपेयरिंग कार्य करे और दीपावली से पहले सड़कों को दुरुस्त करा दिया जाए। दौलतगंज, सराफा बाजार, मोर बाजार, चावड़ी बाजार, छत्री मंडी, जीवाजीगंज रोड, हनुमान चौराहा आदि इलाकों को प्राथमिकता से सड़कों की मरम्मत के लिए चुना जाएगा। मंगलवार को सर्वे कराकर यह देख लिया जाएगा कि कहां कितना काम कराने की आवश्यकता है।
