बाइक और टायर के शोरूम में लगी आग से करोड़ों रूपये का नुकसान
मंडला. बाइक के शोरूम में बाइक और टायर में देर रात को लगी भीषण आग से करोड़ों रूपये के नुकसान का संभावना जताई गयी है। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 2-30 बजे की बताई गयी है। मंडला के कटरा में स्थित हीरो मोटोकॉर्प के शोरूम में शुभा मोटर्स एवं एमआरएफ टायर्स के शोरूम में आग लग गयी। आग ने जल्द ही भीषण रूप ले लिया और बेकाबू हो गयी। प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल आग पूरी तरह से बुझी नहीं पर नियंत्रण में हैं।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की पड़ी नजर
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस के जवानों ने शोरूम में धुआं निकलते हुए देखा और उन्होंने शोरूम के मालिक और फायरब्रिगेड को खबर दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची फायरब्रिगेड की गाडि़यों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी जबरदस्त थी इसे काबू करने के लिये नजदीकी नगर बम्हनी एवं नैनपुर से भी फायरब्रिगेड की गाडि़या बुलानी पड़ी।
एक करोड़ से भी अधिक नुकसान की संभावना
शोरूम के संचालक संजयतिवारी ने बताया कि इस अग्निकांड में 50 लाख रूपये से अधिक के टायर और नीचे रखी 25 गांडि़यां जलकर खाक हो गयी। आग ऊपर के एरिया में भी लग चुकी हैं। जहां और भी गाडि़यां रखी हुई थी। प्राथमिक तौर पर उन्होंने एक करोड़ से भी अधिक के नुकसान की संभावना जताई हैं।
आग पर काबू पाने का प्रयास जारी
कोतवाली थाना प्रभारी जनक सिंह रावत ने बताया कि रात लगभग 2:30 से 3 बजे पुलिस जवानों ने शोरूम से आग की लपटें निकलते देखा और उन्होंने इसकी सूचना शोरूम मालिक संजय तिवारी को दी। जिसके बाद फायर बिग्रेड के वाहनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
