ग्वालियर हाईवे पर नशेड़ियों का हंगामा, पुलिस को देख हंगामा करने वालों के उड़े होश, आधा दर्जन बदमाश पकड़े
ग्वालियर. ग्वालियर में शराब पीकर सड़क पर लोगों को परेशान कर रहे आधा दर्जन नशेड़ियों के सामने जब पुलिस आकर खड़ी हुई तो एक पल में ही उनका नशा उतर गया। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित रूद्र ढाबे के सामने रात करीब साढ़े 11 बजे की है। हंगामा करने वालों ने पुलिस के पैरों में गिरकर माफी भी मांगी, लेकिन लोगों से की अभद्रता पर पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
टीआई पुरानी छावनी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि रात को सूचना मिली थी कि हाईवे स्थित होटल रूद्र के सामने आधा दर्जन युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। यह लोग एक-दूसरे की मारपीट कर वहां से गुजर रहे लोगों को परेशान कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर वाहनों का जाम लगा हुआ था। कुछ लड़के हंगामा कर रहे थे। शराबी युवक आपस में मारपीट कर रहे थे और जो भी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहा था, उनसे अभद्रता कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 6 लड़कों को पकड़ा है।
