वायु शुद्धता में ग्वालियर आगे, इंदौर है पीछे

ग्वालियर. स्वच्छ सर्वेक्षण में बेशक इंदौर देश में पहले नंबर पर आया है। लेकिन वायु की शुद्धता के मामले में ग्वालियर इंदौर से आगे है। अभी हाल ही में जारी हुई रिपोर्ट में प्रदेश के चारों महानगरों में ग्वालियर की वायु बेहतर पाई गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्वालियर की वायु में पाए जाने वाले पीएम-10 के स्तर पर 13 फीसद का सुधार हुआ है। जबकि इंदौर में 7, भोपाल में एक और जबलपुर की वायु में 10 फीसद का सुधार दर्ज किया गया। अब ग्वालियर नगर निगम 2022-23 में होने जा रहे राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए पसीना बहा रहा है और लोगों में जागरुकता बढ़ाने के लिए स्वच्छ प्राण वायु से बीमारी को हराने का तरीका भी बता रहा है। प्रत्येक श्रेणी में शीर्ष के तीन शहरों को प्रर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय एक ट्राफी और नेशनल सेन एयर सिटी नामक एक प्रमाण पत्र द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। विजेताओं को हर साल सात सितंबर को मनाए जाने वाले ब्लू स्काई के लिए स्वच्छ हवा का अंतरराष्ट्रीय दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। जिसमें अव्वल आने वाले शहर को डेढ़ करोड़ की राशि दी जाएगी।

चार साल में 40 फीसद कम होगा प्रदूषण
भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत निकायों में वायु की गणुवत्ता में सुधार के लिए स्वच्छ वायु सर्वेक्षण रैंकिंग की जाएगी। यह कार्यक्रम देशभर में 2022-23 से 2025-26 तक चलेगा। इन चार सालों में 40 फीसद प्रदूषण को कम करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इस कार्ययोजना में देश के 131 शहरों को शामिल किया गया है।

छोटे से बड़े शहरों में होगा वायु प्रदूषण नियंत्रित
एनसीएपी की कार्ययोजना के तहत सबसे पहले 10 लाख से अधिक आबादी वाले बड़े शहरों में पीएम 10 पर नियंत्रण करने का काम किया जाना है। देश के 47 शहर ऐसे हैं जहां की आबादी 10 लाख से अधिक है इन्हें प्रथम कैटेगिरी में रखा गया है। जिसमें प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल, इंदौर और जबलपुर शामिल है। जबकि दूसरी कैटेगिरी में 10 लाख से कम तीन लाख तक की आबादी के 44 शहरों को शामिल किया गया और तीसरी कैटेगरी में तीन लाख से कम आबादी के 40 शहरों को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *