माँ रतनगढ़ माता मेले में दीपावली दौज पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की संभाग आयुक्त ने की समीक्षा

ग्वालियर माँ रतनगढ़ माता मंदिर पर दीपावली दौज पर आयोजित होने वाले मेले में की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं तैयारियों के संबंध में संभाग आयुक्त श्री दीपक सिंह की अध्यक्षता में रविवार को माँ रतनगढ़ माता मंदिर प्रांगण दतिया में बैठक सम्पन्न हुई।
संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने दीपावली दौज पर माँ रतनगढ़ माता मेले में की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पूर्व पूर्ण तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के तीन दिन पूर्व उनके द्वारा पुनः समीक्षा की जायेगी। बैठक में दतिया कलेक्टर संजय कुमार, ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, कलेक्टर भिण्ड़ सतीश कुमार, पुलिस अधीक्षक दतिया अमन सिंह राठौर, पुलिस अधीक्षक भिण्ड़ शैलेन्द्र सिंह चैहान, जिला पंचायत दतिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, मंदिर के महंत राजेश कटारे, ग्वालियर एवं भिण्ड़ के अपर कलेक्टर सहित संबंधित जिलों के विभागीय अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त ने मेले में विभिन्न स्थानों से आने वाले वाहनों के लिए बनाई गए पार्किग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश, पेयजल एवं क्रेन की भी समुचित व्यवस्था रखी जाए। इस कार्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात ग्वालियर) समन्वय करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा के कारण रतनगढ माता मंदिर पहुंच मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए है। उन सड़कों का मरम्मत कार्य भी प्राथमिकता के साथ कराया जाए। जिससे लोगों को पहुंचने में परेशानी न हो। संभागायुक्त श्री सिंह ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि संभाग के अन्य जिलों से समन्वय कर एम्बुलेंस एवं चिकित्सकों के दलों की 24 घंटे व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिससे किसी भी प्रकार की स्थिति निर्मित होने पर त्वरित उपचार की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किग स्थलों के साथ विभिन्न स्थानों पर पेयजल की भी समुचित व्यवस्था रखी जाए। नदी के घाटों पर होमगार्ड के तैराक एवं एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की भी व्यवस्था रखें। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की जाए। मेले में व्यवस्था बनाने में एनसीसी एवं एनएसएस के छात्रों का भी सहयोग लिया जाए।
कलेक्टर संजय कुमार ने बैठक के दौरान गत वर्ष मेले में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी गत वर्ष के अनुरूप व्यवस्थायें रखी जायेगी। उन्होंने बताया कि दीपावली दौज पर जिले के साथ सीमावर्ती प्रदेश उत्तरप्रदेश एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रृदांलु आते है। इसको देखते हुए मेले में पर्याप्त व्यवस्था रखी जायेगी। कलेक्टर ग्वालियर एवं कलेक्टर भिण्ड़ ने भी उनके द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देते हुए अपने जिले के अधिकारियों को तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *