भर्तीसत्याग्रह कर रहे छात्रों को पुलिस ने सड़क पर घसीटा, कमलनाथ ने शिवराज-मोदी पर निशाना साधा, बोले 12 महीने बाद सरकार बनाएंगे
भोपाल. मध्यप्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को लेकर अब छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा और छात्र रविवार को भोपाल पहुंचे। पुलिस ने भोपाल शहर आने वाले भुरी जोड़, भदभदा चौराहे और लालघाटी समेत अन्य सीमाओं पर बैरिकेड्स लगाकर छात्राओं को रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस घसीटकर ले गई। प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर पुलिस वैन में ले जाया गया।
लालघाटी पर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते नजर आए। भर्ती सत्याग्रह कर रहे युवाओं के माध्यम से कमलनाथ ने नाम लिए बिना ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रधानमंत्री तक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को सत्याग्रह करने की जरूरत क्या पड़ी है। उन्हें छला जा रहा है। आज देश और प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। सरकार रोजगार देने की जगह छलने का काम कर रही है।
मुझसे युवा मिलने आए थे। मैंने उनका समर्थन किया। इसी मार्ग पर चलकर महात्मा गांधी के सामने आंग्रेजों ने घुटने टेके थे। जब 12 माह बाद हम सरकार बनाएंगे, तो वो आपकी सरकारी होगी। आपके सपने को पूरा करने के लिए हमारी सरकार वचनबद्ध होगी। आप बिना डरे और थके सत्य के मार्ग पर चलते रहें। आपका कमलनाथ आपके साथ है।
