MP के कांग्रेस विधायकों पर ट्रेन में छेड़छाड़ का आरोप, महिला बोली दोनों ने नशे में टच किया बुरी नजर से देखा
भोपाल. मध्य प्रदेश के दो कांग्रेस विधायकों पर एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि वह अपने दूधमुंहे बेटे के साथ रेवांचल एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही थी। इसी दौरान सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ ने नशे में उसे टच किया। दोनों बुरी नजर से उसे देख रहे थे। मदद मांगने पर सागर GRP महिला को लेकर भोपाल पहुंची। GRP ने दोनों विधायकों के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। जांच के लिए केस जबलपुर, कटनी GRP को ट्रांसफर किया जाएगा।
घटना वाली रात की कहानी पीड़ित की जुबानी
मेरी उम्र 30 साल है। मैं रीवा की रहने वाली हूं। 6 अक्टूबर को मैं रेवांचल एक्सप्रेस से रीवा रेलवे स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन के लिए सवार हुई थी। मैं अपने 7 माह के बेटे के साथ यात्रा कर रही थी। रात करीब 11.50 बजे सामने वाली बर्थ में कोतमा विधायक सुनील सराफ (उम्र 47) और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा (उम्र 38) बैठे थे। मेरी साइड वाली बर्थ पर दोनों ने खाना खाया और फिर गंदी-गंदी गालियां बकने लगे। मेरे कंधे को टच कर इन्होंने मुझे उठाया। कहने लगे मैडम आपने खाना खाया है या नहीं। मैंने कुछ नहीं कहा। वे दोनों नशे की हालत में बुरी नीयत से देख रहे थे। मेरे कंधे पर हाथ फेरते हुए बकवास कर रहे थे। मैंने कहा कि मेरा बेटा सो रहा है, गाली-गलौज मत करिए। वे नहीं माने तो मैंने अपने पति को कॉल कर पूरी घटना बताई। पति की शिकायत पर सागर रेलवे स्टेशन पर पुलिस आई। उन्होंने मुझे दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया। जब मैं दूसरी सीट पर जाने लगी तो सुनील सराफ बोला- आप क्यों जा रही हो, क्यों परेशान हो रही हो। मैंने उनकी शिकायत TTE और सागर पुलिस से करते हुए कहा कि दोनों को ट्रेन से उतारते हुए कार्रवाई करें, लेकिन उन्होंने मेरी सीट बदल दी।
पहले सीट बदली, फिर हरकत की
जिस सीट पर महिला बैठी थी, वह विधायक सिद्धार्थ की थी। महिला ने बच्चा होने की वजह से सिद्धार्थ से अनुरोध किया कि वह अपनी सीट उसे दे दें। सिद्धार्थ इस पर राजी हो गए। इसके बाद कटनी में कोतमा विधायक सुनील सराफ भी इसी कोच में सवार हुए। अब तक बर्थ की लाइट बंद थी। इसी बीच सिद्धार्थ और सुनील सराफ उसी ट्रेन में सवार विधायक कमलेश्वर पटेल के पास पहुंचे। थोड़ी देर बाद सिद्धार्थ और सुनील नशे की हालत में महिला के पास पहुंचे। दोनों बर्थ को लेकर बहस करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों कांग्रेस विधायकों ने उसे बुरी नीयत से टच किया। विरोध करने पर राजनीतिक धौंस दिखाने लगे।
विधायक बोले- मुझ पर लगे आरोप गलत
सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का कहना है कि नशे में धुत रहने के जो आरोप मुझ पर लगाए गए हैं, वह गलत हैं, ऐसा कुछ भी नहीं है। बल्कि हमने तो रात में अपने कंपार्टमेंट की लाइट भी नहीं जलाई थी, बल्कि महिला को अपनी सीट भी दी थी, क्योंकि उनके पास बच्चा था।
