प्रदेश के लिये 11 व 16 अक्टूबर बनेंगे ऐतिहासिक दिन – मुख्यमंत्री
ग्वालियर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए 11 व 16 अक्टूबर ऐतिहासिक दिन बनने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्टूबर को पवित्र नगरी उज्जैन में “श्री महाकाल लोक” का लोकार्पण करेंगे। इसी तरह गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 16 अक्टूबर को ग्वालियर में अत्याधुनिक एयरपोर्ट का शिलान्यास किया जायेगा। उन्होंने कहा ग्वालियर के विकास में नए अध्याय के रूप में जुड़ने जा रहे लगभग 500 करोड़ रूपए लागत के अत्याधुनिक एयर टर्मिनल के निर्माण से ग्वालियर व चंबल अंचल की प्रगति व विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्वालियर में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित ग्वालियर एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुँचे थे।
शुक्रवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की अलग-अलग बैठक लेकर एयरपोर्ट विस्तार के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, राजस्व व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह, राज्य मंत्रिगण ओपीएस भदौरिया, सुरेश धाकड़ व बृजेन्द्र सिंह यादव तथा सांसद विवेक शेजवलकर मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक पुनुरूत्थान कार्यक्रम के तहत केदारनाथ, काशी व अयोध्या नगरी की तर्ज पर पवित्र नगरी उज्जैन में “श्री महाकाल लोक” का निर्माण किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्टूबर को “श्री महाकाल लोक” को महाकाल के चरणों में समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सारा देश तेजी के साथ प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है। ग्वालियर-चंबल अंचल का भी चौतरफा विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एलीवेटेड रोड़, वेस्टर्न बाईपास व राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण व सिंचाई परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इसी कड़ी में ग्वालियर को नए एवं अत्याधुनिक एयरपोर्ट की सौगात मिलने जा रही है। देश के गृह मंत्री अमित शाह यह सौगात देने 16 अक्टूबर को ग्वालियर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि सांस्कृतिक एवं अधोसंरचनागत विकास व प्रगति के आयामों की जानकारी जन-जन तक पहुँचे।
सुव्यवस्थित आयोजन के लिये डिटेल एडवांस व माइक्रो प्लानिंग करें – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर एयरपोर्ट शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें जिससे समारोह में आने वाले आम नागरिकों को कोई दिक्कत न हो। लोग समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुँचें और समय से अपने घर पहुँच जाएँ, इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये डिटेल एडवांस व माइक्रो प्लानिंग करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गृह मंत्री के आगमन के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बनाया गया प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया। बैठक में संभाग आयुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
एयरपोर्ट शिलान्यास समारोह स्थल का निरीक्षण भी किया
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर शिलान्यास समारोह की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट विस्तार के तहत कराए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। नए एयरपोर्ट बनने के पश्चात किस प्रकार उसकी आकृति होगी उसके चित्र भी उन्हें दिखाए। साथ ही कहा कि नवीन एयरपोर्ट निर्माण में भव्यता के साथ-साथ ग्वालियर की संस्कृति का भी ध्यान रखा गया है।
