वसूली कांड से कटघरे में आए सीएसपी प्रमोद शाक्य को ग्वालियर से हटाया, पुलिस मुख्यालय भेजा

ग्वालियर. रेत से लदे डंपर को छोड़ने के एवज में वाहन मालिक से अवैध वसूली कांड में कटघरे में आने के बाद सीएसपी प्रमोद शाक्य को ग्वालियर से हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। शुक्रवार शाम को पुलिस मुख्यालय से इस संबंध में आदेश जारी हो गया। यहां बता दें कि अवैध वसूली के इस पूरे खुलासे के बाद शासन ने यह बड़ी कार्रवाई की है। सीएसपी की भूमिका को लेकर जांच भी शुरू हो गई है। एक रिपोर्ट एसएसपी अमित सांघी ने बनाकर बीती रात ही पुलिस मुख्यालय भेजी थी, इसके बाद सीएसपी शाक्य को ग्वालियर से हटा दिया गया।
दरअसल सोमवार-मंगलवार की रात रेत से भरे डंपरों को पुलिस द्वारा रोका गया फिर इन्हें साठगांठ कर छोड़ दिया गया। बहोड़ापुर थाने के बाहर डंपर एमपी07 एचबी 4786 खड़ा मिला था। डंपर मालिक भगवानदास प्रजापति से बात की और पूरी बातचीत रिकार्ड की। इसमें डंपर मालिक ने रायल्टी और जीएसटी होने के बाद भी डंपर को ओवरलोड बताकर सीएसपी प्रमोद शाक्य द्वारा रोके जाने की बात कही। साथ ही डंपर को थाने पर लाया गया और यहां 10 हजार रुपये लेकर छोड़ने की बात भी बताई। एक दूसरी गाड़ी के मालिक से भी 25 हजार रुपये लेकर गाड़ी छोड़ने की बात कही।

एडीजी ने बैठाई जांच, फुटेज में थाने पर खड़ा दिखा था डंपर
ग्वालियर जोन के एडीजी डी. श्रीनिवास वर्मा ने जांच के आदेश दिए। एसएसपी अमित सांघी ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज दिखवाए, जिसमें डंपर थाने पर खड़ा दिखा। फिर 15 दिन के फुटेज और रिकार्ड तलब किए। एसएसपी ने एएसपी मृगाखी डेका को जांच का जिम्मा सौंपा है। एसएसपी ने बीते रोज फुटेज, मोबाइल लोकेशन डंपरों को छोड़े जाने के मामले की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भी भेजी। पुलिस मुख्यालय रिपोर्ट पहुंचते ही शासन ने सीएसपी प्रमोद शाक्य को हटाने का निर्णय लिया। शुक्रवार को उन्हें आनन-फानन में हटा दिया गया। शाम को आदेश जारी होते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *