PM मोदी के MP दौरे से पहले BJP में एकजुटता दिखाने का दौर
भोपाल. उज्जैन में नवनिर्मित महाकाल लोक के लोकार्पण के लिए 11 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे का असर मध्य प्रदेश में सत्ता और संगठन पर दिखाई देने लगा है। तैयारियों के बीच दिग्गजों में एकजुटता की अलग ही तस्वीर सामने आ रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बड़े नेताओं से मेलजोल लगातार बढ़ रहा है, तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के साथ नशामुक्ति अभियान के बहाने एक साथ मंच पर आए।
दरअसल, बीते दिनों प्रदेश में हुए निकाय चुनावों में महापौर की 16 सीटों में से भाजपा को सात पर हार का सामना करना पड़ा। सभी 16 में से अब नौ महापौर ही भाजपा के हैं। भाजपा को बड़ा नुकसान ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में हुआ। जबलपुर में भी भाजपा को जीत नहीं मिल सकी, जबकि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से सत्ता और संगठन में पर्याप्त प्रतिनिधित्व है। इस हार के बाद पुरानी अदावत पीछे छोड़ बदली सियासी तस्वीर में ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर अब एक साथ देखे जा रहे हैं।
बीते दिनों विमान से तोमर और सिंधिया जब एक साथ भोपाल पहुंचे तो दोनों के समर्थक स्वागत के लिए विमानतल पर उत्साहित थे, लेकिन सिंधिया ने अपने समर्थकों से भी खुद के बजाय तोमर का स्वागत करवाया। दोनों दिग्गज एक ही वाहन से रातापानी की बैठक में भी पहुंचे। इससे पहले दोनों को परस्पर विरोधी ध्रुव माना जाता था। ऐसा लगता है जैसे दोस्ती का कदम सिंधिया ने आगे बढ़ाया है। उन्होंने दिल्ली से भोपाल आने वाले विमान में साथ बैठने वाली फोटो इंटरनेट मीडिया पर भी जारी की। इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया कई मौकों पर कैलाश विजवर्गीय को भरपूर सम्मान देते देखे गए हैं। वह अपने पुत्र के साथ विजयवर्गीय के घर भी जा चुके हैं।
निकाय चुनाव में प्रदेश की नब्ज टटोल कर भाजपा को महसूस हो चुका है कि एकजुटता के बिना मिशन 2023 में अपेक्षित सफलता मुश्किल है। ऐसे में जब मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित संगठन के राष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों के दौरे बढ़ रहे हंै, तो एकजुटता के बिना काम चलने वाला नहीं है।
