भारत में गेमचेंजर कैसे होंगे इलेक्ट्रिक व्हीकल, चीन जैसे 5 कदम उठाने से बढ़ेगी बिक्री

नई दिल्ली. दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक कार मार्केट कौन सा है। जवाब है चीन। सबसे बड़ा EV मैन्युफैक्चरर कौन है चीन। अब कुछ आंकड़ों को देखते हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में जितनी भी EV इस साल बिकेंगी उनसे ज्यादा अकेले चीन में बिकने की उम्मीद है। दुनिया के टॉप EV ब्रांड में से करीब आधे भी चीन के हैं। अमेरिका में नई कारों की कुल बिक्री में EV की हिस्सेदारी 5% है। इसे चीन ने 2018 में ही हासिल कर लिया था। टीम BHP की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में वित्त वर्ष 2021-22 में इलेक्ट्रिक कार की बिक्री कुल कार बिक्री का केवल 0.7% थी। यानी जो इलेक्ट्रिक, दुनिया के ज्यादातर देशों के लिए भविष्य है वो चीन के ऑटो मार्केट के लिए वर्तमान है।

EV में सबसे तेजी से बढ़ता मार्केट चीन
चीन दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेजी से बढ़ता EV मार्केट है। इस साल यानी 2022 में उसकी EV बिक्री दोगुनी होकर लगभग 60 लाख व्हीकल तक पहुंचने की उम्मीद है। ये पूरी दुनिया में बिकने वाली EV की संख्या से भी ज्यादा है। इतना ही नहीं दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा बिकने वाले EV ब्रांड में से आधे चीनी हैं। इस साल, चीन में खरीदी गई सभी नई कारों में से 25% पूरी तरह से इलेक्ट्रिक या प्लग-इन हाइब्रिड होंगी।

चीनी कंपनी BYD और SAIC केवल टेस्ला से पीछे
अभी 300 से ज्यादा चीनी कंपनियां EV बना रही हैं, जिसमें सस्ती गाड़ियों से लेकर टेस्ला और जर्मन व्हीकल मैन्युफैक्चरर्स को टक्कर देने वाले हाई-एंड मॉडल शामिल हैं। चीन की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी SIAC और बिल्ड योज ड्रीम्स (BYD) ग्लोबल मार्केट शेयर में केवल टेस्ला से पीछे है। ज्यादा EV सेल्स के लिए चीनी सरकार सब्सिडी पर भी अच्छी खासी रकम खर्च करती है।

भारत का प्लान
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी मिशन प्लान के तहत सरकार ने 2025 तक देश में 60-70 लाख इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड व्हीकल्स उत्पादन का लक्ष्य रखा है। सरकार को उम्मीद है कि 2030 तक EV की सेल्स 30% प्राइवेट कारों, 70% कॉमर्शियल व्हीकल्स और 80% दो और तीन पहिया वाहनों की होगी। EV मार्केट 2025 तक लगभग 475 बिलियन रुपए का होने की उम्मीद है। भारत, चीन से पीछे और जापान से आगे एशिया में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए सबसे बड़े बाजारों में से एक है। यदि भारत अपने 50% इलेक्ट्रिफिकेशन के ट्रू पोटेंशियल को हासिल कर लेता है, तो विश्व स्तर पर बेचे जाने वाले प्रत्येक 10वें EV का निर्माण भारत में किया जा सकता है। इससे भारत वैश्विक EV पावर हाउस बन जाएगा। कंज्यूमर भी धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वेरिएंट को अपना रहे हैं और पसंद कर रहे हैं, जिसका सबूत मांग में इजाफा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *