दशहरे पर शस्त्र पूजन की परंपरा, ग्वालियर में 18 लाइसेंस बने, 50 हथियार बिके

ग्वालियर. नवरात्रि और दशहरा पर्व पर शुभ मुहूर्त में हथियार लाइसेंस बनवाने के साथ ही इनकी खरीद भी बढ़ जाती है। अंचल में दशहरा पर शस्त्र पूजन की परंपरा है। इस वर्ष नवरात्रि के नौ दिनों में जहां 18 नए लाइसेंस बने हैं, वहीं करीब 50 हथियार (बंदूक, रिवाल्वर आदि) की बिक्री आर्म्स डीलरों ने की है। हालांकि पिछले साल दशहरा पर्व अक्टूबर माह में ही था। इस माह कुल 85 शस्त्र लाइसेंस बने थे। शहर के आर्म्स डीलरों के मुताबिक नवरात्रि और दशहरा पर हथियारों की बिक्री बढ़ जाती है। लोग लाइसेंस भले ही पहले बनवा लेते हैं लेकिन हथियारों की खरीद नवरात्रि के शुभ दिनों में करते हैं। बता दें कि जिले में 34,151 लाइसेंसी हथियार हैं। एडीएम इच्छित गढ़पाले के मुताबिक नवरात्रि के दौरान हमने करीब 18 हथियारों के लाइसेंस को मंजूरी दी है। वहीं आर्म्स डीलर अरुण मंगल ने बताया कि शहर में आर्म्स डीलर्स के द्वारा नवरात्रि के दौरान करीब 50 हथियारों की बिक्री की गई है।

2 लाख रुपए तक के हथियार उपलब्ध है शहर में
लोग शुभ मुहूर्त में हथियार खरीदते हैं, इसलिए नवरात्रि पर काफी अधिक बंदूकें बिकती हैं। 20 हजार से 2 लाख तक की बंदूक उपलब्ध हैं। जिसमें 12 बोर की बंदूक 10 से 25 हजार रुपए, राइफल 50 हजार से 1.5 लाख रुपए एवं पिस्तौल एक से दाे लाख रुपए तक की बिकती है।
अशोक अग्रवाल, संचालक, शान गन हाउस फालका बाजार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *