मंत्री ने हाथ जोड़े, कलेक्टर ने फटकारा फिर भी ठेकेदार ने नहीं बढ़ाई काम की रफ्तार

ग्वालियर. फूलबाग से किलागेट रोड पर रोजाना परेशान हो रहे लगभग ढाई लाख लोगों की बात छोड़ भी दें, तो भी ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के हाथ जोड़ने और कलेक्ट कौशलेंद्र विक्रम सिंह की फटकार नुमा चेतावनी का असर मंगलवार को दिखाई नहीं दिया। परंपरागत तौर पर रोड के एक हिस्से में गिट्‌टी का काम ही चलता दिखाई दिया। नाला निर्माण सहित अन्य कार्यों में कोई तेजी नहीं आई। बुधवार को दशहरा होने के कारण फिलहाल एक-दो दिन और काम में तेजी आने की संभावना न के बराबर है।

शहर में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर न तो निर्माण एजेंसियों के अधिकारी गंभीर हैं और न ही ठेकेदार। दोनों के मिलीभगत से न सिर्फ विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, साथ ही निर्माण में होने वाली देरी का खामियाजा भी शहर के लोगों को उठाना पड़ रहा है। पिछले लंबे समय से लोगों की परेशानी का कारण बन रही फूलबाग से सेवानगर रोड का सोमवार को ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने रोड का काम पूरा कराने के लिए अधिकारियों और ठेकेदार के हाथ जोड़कर आग्रह किया था।

मंत्री की परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने ठेकेदार को जेल भेज देने की चेतावनी देते हुए दस दिन में रोड का काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। ठेकेदार ने भी इस पर हामी भर दी थी, लेकिन मंगलवार को काम की रफ्तार दिखाई नहीं दी। फूलबाग से सेवा नगर के बीच पीएचई के सरकारी क्वार्टर्स के सामने की रोड पर गिट्‌टी बिछाने का काम चल रहा था। इसके अलावा पूरी रोड पर न तो नाला निर्माण का काम चलता दिखार्द दिया और न ही कोई दूसरा काम। हालांकि नगर निगम के मुख्य समन्वयक अधिकारी सुशील कटारे का कहना था कि सड़क के काम की रफ्तार बढ़ाई गई है। कुछ स्थानों पर लेवलिंग का काम पूरा न होने से नाली निर्माण नहीं हो सकता। जल्द ही लेवलिंग का काम पूरा कराकर नाली और डिवाइडर आदि के निर्माण का कार्य कराया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *