6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को होंगे उपचुनाव, 6 को आएंगे नतीजे
नई दिल्ली. भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा सहित 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों में उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इसमें बिहार की 2 विधानसभा सीट और महाराष्ट्र, तेलंगाना, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और ओडिसा के एक-एक विधानसभा सीटें शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार सभी सातों विधानसभा सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार 7 अक्टूबर से शुरू होकर अगले शुक्रवार 14 अक्टूबर तक चलेगी।इसके बाद सोमवार 17 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। इसके बाद गुरूवार 3 नवंबर को मतदान डाला जाएगा, जिसकी गिनती रविवार 6 नबंवर को होगी। उपचुनाव की घोषणा के बाद इन सभी विधानसभा सीटों पर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जिसके बाद इन निर्वाचन क्षेत्रों में सभी राजनीतिक पार्टियों व सरकारों को चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करना पड़ेगा।
किस विधानसभा सीटों पर होगें उपचुनाव
महाराष्ट्र के अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे। वहीं बिहार के मोकामा विधानसभा और गोपालगंज विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। इसके साथ ही हरियाणा के आदमपुर, तेलंगाना के मुनुगोड़े, उत्तर प्रदेश के गोला गोकरननाथ और ओडिसा की धामनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसमें ओडिसा की धामनगर विधानसभा सीट SC के लिए अरक्षित है।
