ग्वालियर में मंत्री ने किया सड़क का निरीक्षण, समस्याएं देख निगम अफसराें को लगाई फटकार
ग्वालियर. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शहर की खराब सड़कों का निरीक्षण करने के लिए सोमवार को निकले। इस दौरान सड़कों पर कहीं पर पानी भरा मिला तो कहीं पर चेंबर टूटा हुआ मिला। इस पर ऊर्जा मंत्री खासे नाराज हुए और साथ में चल रहे नगरनिगम के अफसरों को खासी फटकार लगाई। साथ ही जल्द ही समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पहले फूलबाग पहुंचे। फूलबाग से सेवानगर तक की रोड का निरीक्षण करना शुरू किया। रोड पर सड़क पर गड्ढे मिले और जलभराव आदि दिखा। इसे देखकर ऊर्जा मंत्री को खासा गुस्सा आ गया और उन्होंने निगम के अफसरों को फटकार लगाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उन्हें सड़क पर चेंबर भी टूटे दिखे। टूटे हुए चेंबर देखकर ऊर्जा मंत्री को और अधिक गुस्सा आ गया। उन्होंने निगम के अफसरों को खूब खरीखोटी सुनाई। इसके बाद सभी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने और व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने विनय नगर की सड़कों व सीवर लाइन का निरीक्षण किया। यहां भी कमियां मिली। जिन्हें जल्द सुधारने का निर्देश दिया।
लक्ष्मण तलैया की निर्माणाधीन सड़क का भी किया निरीक्षण
ऊर्जा मंत्री ने लक्ष्मण तलैया की निर्माणाधीन सड़क निरीक्षण किया। सड़क का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा था। इसलिए वे संबंधित विभाग के अफसरों पर नाराज हुए । उन्होंने जल्द से जल्द काम काे पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों से काम व अव्यवस्थाओं को लेकर माफी मांगी और कहा कि इन सभी समस्याओं को जल्द से जल्द ठीक कराया जाएगा। जिससे उनकी समस्याएं जल्द से जल्द दूर हो सकें। इसके अलावा भी ऊर्जा मंत्री शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण करने गए और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
