ग्वालियर में भाजयुमो नेता की पार्टी में फायरिंग, दो को गोली लगी

ग्वालियर. ग्वालियर में शनिवार देर रात भाजयुमो नेता के फार्म हाउस पर उनको डबरा विधानसभा प्रभारी बनाए जाने के जश्न में फायरिंग हो गई। डांस के दौरान गन लोड करते समय अचानक चली गोली एक का पैर चीरते हुए दूसरे के पैर में जा लगी। दोनों को घायल हालत में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल के पैर से ज्यादा खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला
मामला उपनगर ग्वालियर के घासमंडी इलाके का है। यहां भाजयुमो नेता निशांत राय का फार्म हाउस है। हाल ही में निशांत राय को विधानसभा प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही उनके एक दोस्त का शनिवार को बर्थडे भी था। देर रात भाजयुमो नेता के वेलकम और दोस्त के बर्थडे का जश्न मनाया जा रहा था। नाच-गाना चल रहा था। डांस करने के दौरान उनका साथी आकाश राइफल चलाने के लिए कॉक (लोड) करने लगा। अचानक गोली चल गई। गोली पास ही डांस कर रहे रिंकू गौर के घुटने को चीरते हुए पीछे खड़े कल्लू यादव के पैर में जा लगी है। गोली लगने से घायल हुए रिंकू और कल्लू को तत्काल साथी लश्कर स्थित जनक अस्पताल लेकर पहुंचे। रिंकू के पैर से खून ज्यादा बहने के कारण उसकी हालत गंभीर है, जबकि कल्लू खतरे से बाहर है। गोलीबारी की खबर मिलते ही पुलिस घासमंडी पहुंची, तो वहां कोई नहीं मिला।

पुलिस का कहना
मामले में ग्वालियर पुलिस के अफसरों का कहना है कि गोलीबारी हुई है। इसमें दो लोग घायल हुए हैं, लेकिन गोली किसने चलाई है यह अभी साफ नहीं है। पुलिस के पास कोई फरियादी नहीं आया है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *