गरबा पंडाल में 3 मुस्लिम युवकों की पिटाई, पुलिस बचाने आई तो हुई झडप
उज्जैन. गरबा पंडाल में बजरंग दल के कार्यकर्त्ताओं ने 3 युवकों की पिटाई कर दी। घटना शनिवार की रात को कालीदास अकादमी में गरबा पंडाल में घटी। दरअसल, एक वर्ग विशेष के 3 युवकों के गरबा पंडाल में प्रवेश की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्त्ता यहां पहुंच गये और उन्होंने लोगों के साथ मिलकर तीनों युवकों की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। युवकों को बचाने के लिये पहुंची पुलिस से बजरंग दल के कार्यकर्त्ताओं से तीखी बहस हो गयी।

मध्यप्रदेश के कई शहरों में गरबा पंडाल में गैर हिन्दुओं के प्रवेश पर हिन्दूवादी संगठनों ने रोक लगाई है। उज्जैन में भी इसका असर देखने मिला है। कालीदास अकादमी में बजरंग दल के कार्यकर्त्ताओं ने तीन युवकों को पकड़कर उनकी पहचान पूछी। तीनों एक वर्ग विशेष दल के निकले और इसके बाद भीड़ उन पर टूट पड़ी। इस दौरान थाना माधवनगर की पुलिस तीनों युवकों को बचाने आयी तो पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्त्ताओं के बीच झगड़ा हो गया।
उज्जैन में नाना खेड़ा के गरबा पंडाल में ID दिखाकर और तिलक लगाकर एंट्री दी जा रही है। यहां एंट्री गेट के बाहर ‘सेवा ही संकल्प सांस्कृतिक समिति’ ने पोस्टर लगा रखे हैं। लिखा है- गैर हिंदू पंडाल में प्रवेश नहीं करें। समिति के अध्यक्ष बहादुर सिंह राठौर ने बताया कि हमने एक टीम को पंडाल के बाहर मेन गेट पर लगाया है। टीम हर आने-जाने पर निगाह रखती है। आधार कार्ड या दूसरे पहचान पत्र चेक करने के बाद ही एंट्री दी जा रही है।
