MP में सत्ता और भाजपा संगठन में होंगे बड़े बदलाव
भोपाल. बीजेपी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को BJP कोर ग्रुप की मीटिंग रातापानी में हुई। इसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हैं। मीटिंग से मीडिया को दूर रखा गया है। बैठक स्थल से 5 किलोमीटर पहले ही मीडिया को रोक दिया गया। बैठक में उज्जैन में पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे के साथ ही सीनियर विधायक-नेताओं को निगम में एडजस्ट करने पर भी चर्चा की गई। वहीं, मंत्री-विधायकों के परफॉर्मेंस पर भी चर्चा हुई। मीटिंग मिशन-2023 पर केंद्रित हो गई है। विधायकों को अगले एक साल में परफॉर्मेंस सुधारने को कहा गया है। आदिवासियों को साधने पर भी रणनीति बनाई जा रही है। बैठक में हुई चर्चा के बाद जल्द ही मप्र में सत्ता और संगठन में बडे़ बदलाव हो सकते हैं।
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, वीरेंद्र खटीक और फग्गन सिंह कुलस्ते, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ल, कविता पाटीदार, ओमप्रकाश धुर्वे आदि शामिल हैं।
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के 11 अक्टूबर को उज्जैन दौरे के अलावा आदिवासी वर्ग को आकर्षित करने की रणनीति बनाई गई है। आदिवासी नेतृत्व को भी तवज्जो देने की बात सामने आ रही है। मंत्रियों और विधायक को एक साल में परफॉर्मेंस बेहतर करने की बात कही गई। विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण, सीनियर विधायक और नेताओं को निगम मंडलों में एडजस्ट करने, परिवारवाद, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोकने, तय कार्यक्रमों को समय-सीमा में पूरा करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
निगम-मंडलों में नियुक्तियों पर चर्चा
मप्र में बीजेपी के सामने पांचवीं बार सरकार बनाने के लिए कई चुनौतियां हैं। बीजेपी में कई सीनियर नेता राजनीतिक पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। मप्र सरकार में तमाम निगम-मंडलों में पद खाली पड़े हैं। मंत्रिमंडल में शामिल होने के इंतजार में बैठे विधायकों के अलावा सीनियर नेताओं को भी इनमें एडजस्ट किया जाएगा। पंचायत और नगरीय निकाय के चलते निगम-मंडलों की नियुक्तियां अटक गई थीं। बैठक में निगम-मंडल में एडजस्ट होने वाले नेताओं के नामों पर भी चर्चा की गई।
