MP में प्रखर हिंदुत्व के मुद्दे पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा

भोपाल. मध्य प्रदेश में मुद्दों के अभाव की परिपाटी के बीच भाजपा 14 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को प्रखर हिंदुत्व के मुद्दे पर लड़ेगी। इसकी आहट भी अब सुनाई देने लगी है। बीफ यानी गोमांस फिर राजनीतिक मुद्दा बनेगा। बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आए अभिनेता रणबीर कपूर अरैी आलिया भट्ट के विरोध के तार भी इसी से जुड़े बताए जा रहे हैं। उज्जैन में रणबीर-आलिया का विरोध करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं, विश्व हिंदू परिषद के समर्थकों के साथ जिन पुलिसकर्मियों ने दुर्व्यवहार किया है उनसे सरकार भी नाराज है। भाजपा से जुड़े सूत्र कहते है कि अब हिंदुत्व के मुद्दे को अधिक धारदार बनाया जाएगा। कांग्रेस भी चुनाव आने पर यहां साफ्ट हिंदुत्व की तरफ बढ़ने लगती है। वर्ष 2018 में राहुल गांधी ने चित्रकूट से चुनाव प्रचार शुरू किया था। अभी राहुल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उज्जैन में महाकाल के दर्शन करेंगे और नर्मदा स्नान भी करेंगे।

भाजपा 2023 के चुनाव में उन गलतियों को दोहराने से बच रही है, जो 2018 में हार की वजह बनी। 230 सदस्यों वाली विधानसभा के चुनाव में भाजपा को वोट प्रतिशत तो कांग्रेस से ज्यादा मिला, लेकिन कांग्रेस को तब 114 सीट मिली और भाजपा 109 तक ही पहुंच पाई। सरकार कमल नाथ के नेतृत्व में बनी। हालांकि, ये सरकार मार्च 2020 में ही गिर गई। नए माहौल में ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा के साथ हैं, लेकिन चुनौती ज्यादा कठिन हो गई है। कांग्रेस इस बार गुटों में न होकर एकजुट दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *