अफ्रीकन चीतों के लिये तैयार है MP का कूनो नेशनल पार्क, हेलीकॉप्टर से आयेंगे चीते, पीएम मोदी पिंजरा खोलकर छोडेंगे चीते

ग्वालियर. 70 वर्षो से देश में लुप्त श्रेणी में रखे गये चीते अब श्योपुर कूनो नेशनल पार्क में नजर आयेंगे। इन्हें लाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। प्रथम चरण में 8 चीते (5 मेल और 3 फीमेल) नामीबिया से लाये जा रहे हैं। इसके लिये सबसे अनिवार्य शर्त थी कि साउथ अफ्रीका दल कूनो आकर देखे कि यहां का इन्वायर्नमेंट चीतों के अनुकूल है या नहीं। 2 दिन तक कूनो पार्क में रहकर दल पूरी तरह संतुष्ट है। अब सभी की नजरे 17 सितम्बर PM नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर है। इसी दिन वह कूनो आकर इन चीतों को यहां छोडेंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी के दौरे के लिये हेलीपैड 10 दिन पहले ही तैयार कर लिया गया है।
कूनो नेशनल पार्क से ये ग्राउंड रिपोर्ट…
गुना जिले के पटई गांव से निकलने वाली कूनु नदी चंबल में मिलती है। इसी चंबल नदी के किनारे श्योपुर और मुरैना जिले की सीमा पर 748 वर्गकिमी में फैला है कूनो नेशनल पार्क। हमारी टीम बुधवार की दोपहर 12 बजे यहां पहुंची। पर्यटकों की खास हलचल नहीं है लेकिन फॉरेस्ट के अफसर और जिला प्रशासन के अफसरों की आवाजाही तेज नजर आई। वजह ये है कि इन दिनों श्योपुर ही नहीं पूरे देश में कूनो नेशनल पार्क चर्चा में है। यहां अफ्रीकी देश नामीबिया से 8 चीते लाए जा रहे हैं। यूं तो टाइगर स्टेट का खिताब रखने वाले मप्र में चीतों का आना बड़ी बात नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन ये बड़ी इसलिए हो गई है क्योंकि देश में चीते 70 बरस में किसी ने नहीं देखे। आखिरी चीता 1948 में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में देखा गया था। इसके बाद सरकार ने देश में चीता दिखाने पर 5 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की लेकिन चीता नहीं दिखा। अब चीता दिखेगा। वो भी देश में सिर्फ मध्यप्रदेश में। प्रधानमंत्री मोदी यहां 17 सितंबर को पिंजरा खोलकर चीतों को जंगल की ओर रवाना करेंगे। इसके साथ ही जैव विविधता के इतिहास में एक नया अध्याय दर्ज हो जाएगा। पीएम मोदी के लिए हैलीपैड तैयार हो चुका है, तमाम इंतजाम 11 सितंबर से पहले ही किए जाने हैं। 11 सितंबर को केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव, मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के वन मंत्री विजय शाह कूनो का दौरा करेंगे और पूरी तैयारी का जायजा लेंगे। 17 को पीएम के साथ कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे।
पीएम से ठीक पहले कूनो पहुंचेंगे चीते
16 सितम्बर को चीते साउथ अफ्रीका के नामीबिया से विमान से रवाना होंगे।
17 सितम्बर को लगभग 10 बजे उन्हें चॉपर से कूनो लाया जायेगा।

4 सदस्यीय अफ्रीकी दल कूनों की व्यवस्थाओं से संतुष्ट
अफ्रेीका के 4 सदस्यीय दल में मिशेल पीएफब, एमफो तजियान, निसानी मखुबेल, डी. डेबिड म्मिर मैन कूनो पहुंचे हैं। दल के सदस्यों ने कूनो पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। दल ने खुली जिप्सी गाड़ी में घूमकर चीतों के लिये बनाये गये बाड़े और पालपुर गढ़ीमें बनायेगये हेलीपैड को देखा ।दल ने 5 वर्ग किमी क्षेत्र में बनाये गये बाड़े का बारीकी से निरीक्षण किया और उनके साथ वन्यप्राणी संस्थान देहरादून के डीन डॉ. यादवेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह झाला, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकारण क उप महानिरीक्षक डॉ. राजेन्द्र गारावाड भी रहे। कलेक्टर शिवर्म वर्मा स्वयं तैयारियों पर नजर रख रहे हैं।
चीतों के आने से कूनो में बदलाव होगा
अभी चीते आये भी नहीं है और श्योपुर जिले के कराहल और सेसईपुरा में जमीन के दाम 5 गुना तक बढ़ गये है। जो जमीन एक साल पहले तक 4-5 लाख रूपये बीघा थी अ बवह 20-25 लाख रूपये प्रति बीघा बिक रही है। यहां फॉरेस्ट का राजस्व तो बढ़ेगा ही पर्यटकें की आमद से होटल, ट्रांसपोर्ट, रेस्टारेंट, टूर एंड ट्रैवल के व्यवसाय भी बढ़ेंगे। इसलिये जमीन के दाम चीतों के आने के बाद और बढ़ने की संभावना हैे।
बाघों ने सर्टिफाइड कर दिया है चीतों के अनुकूल है पालपुर कूनो
राजस्थान के रणथंभौर नेशनल पार्क से चम्बल नदी पार करके बाघ कूनो आ चुके है। फॉरेस्ट ने कम से कम 4 बाघों की साइटिंग पिछले कुछ वर्षो में देखी हे। यह कुछ समय बीताकर लौट जाते हैं। दरअसल, इसे मजबूत आधार माना गया है कि जब इनवायरनमेंट बाघों के लिये अनुकूल हैं तो चीते भी यहां आसानी से रह सकेंगे।
