ग्वालियर में होमगार्ड सैनिक की मौत, कार बेकाबू होकर आंबेडकर पार्क की रेलिंग से टकराई, मौके पर मौत

ग्वालियर. ग्वालियर में कार की स्पीड ने एक सैनिक की जान ले ली। स्टेशन से फूलबाग आ रही लग्जरी कार करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। अचानक कार बेकाबू हुई और सड़क छोड़ते हुए आंबेड़कर पार्क की रेलिंग और पोल से टकराती है। हादसे के समय कार इतनी रफ्तार में थी कि कार का फेस वापस, उसी दिशा में हो गया, जिस ओर से वह आ रही थी। टक्कर लगते ही एयरबैग भी खुल गए, लेकिन चालक की जिंदगी को नहीं बचा सके। कार चला रहे युवा होमगार्ड सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आगे बैठा दोस्त गंभीर घायल है। घायल के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सैनिक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद जांच शुरू कर दी है।

यह है पूरा मामला
बहोड़ापुर स्थित कैलाश नगर निवासी 33 वर्षीय नितिन उर्फ नीतेन्द्र यादव पुत्र रमेश यादव होमगार्ड सैनिक थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद स्टेशन बजरिया की कहकर निकले थे। स्टेशन बजरिया पर कुछ काम था। काम पूरा करने के बाद वह दोस्त विशाल कुशवाह के साथ वापस अपने घर जा रहे थे। कार नंबर MP07 CK-3063 को होमगार्ड सैनिक नितिन ही चला रहे थे। वह फूलबाग पहुंचे ही थे कि अचानक कार की स्पीड़ ज्यादा होने पर नितिन का नियंत्रण हट गया। कार मुख्य सड़क छोड़कर फुटपाथ पर पहुंची। कार सबसे पहले फुटपाथ पर कटे हुए पेड़ के ठूंठ से टकराई और इसके बाद एक लोहे के पोल से टकराने के बाद आंबेडकर पार्क की जालियों में जा घुसी। हादसे में नितिन और विशाल दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। तत्काल वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन होमगार्ड सैनिक नितिन पहले ही दम तोड़ चुका था, जबकि विशाल कुशवाह की हालत नाजुक बनी हुई है।

एयरबैग भी नहीं बचा पाए जान
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयर बैग खुल गए और टकराकर कार जिस तरफ से जा रही थी उसी तरफ घूम गई। एयर बैग खुलने के बाद भी कार में बैठे दोनों युवक खुद को सुरक्षित नहीं कर पाए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से होमगार्ड सैनिक नितिन की मौत हो गई। पुलिस को ऐसी आशंका है कि कार चालक नशे में था, लेकिन अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही कुछ कहा जा सकेगा।

कुछ दिन पहले ही जबलपुर से ट्रेनिंग कर लौटा था
33 वर्षीय नितिन उर्फ नीतेन्द्र यादव होमगार्ड में सैनिक था। हादसे में बुधवार को उसकी मौत हो गई है। नितिन अभी कुछ दिन पहले ही जबलपुर से ट्रेनिंग कर लौटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *