सपा नेता और बेटे को दिन दहाडे गोली से उड़ाया, राइफल लेकर आये थे बदमाश
संभल. उत्तरप्रदेश के संभल जिले में मंगलवार की सुबह समाजवादी पार्टी के नेता छोटेलाल दिवाकर और उनके बेटे की गोली मार कर हत्या दी गयी। बहजोई थाना क्षेत्र के शमशोई गांव में मंगलवार की सुबह छोटेलाल अपने बेटे सुनील कुमार के साथ खेत मे घूमने के लिये निकले थे। विवाद के बाद दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चलाई, जिसमें पिता बेटे की मौत हो गयी। इस हत्याकाण्ड का वीडियों भी सामने आया है। खबर मिलते ही एसपी घटनास्थल पर पहुंचे, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। घटनास्थल पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
क्या है पूरा मामला
बहजोई थाना क्षेत्र के शमशोई गांव में मनरेगा के तहत सड़क बन रही थी और उसे लेकर छोटे लाल दिवाकर और सविंदर के बीच विवाद हो गया और कहासुनी के बीच गोलियां चलीं। छोटे लाल दिवाकर और उनके बेटे सुनील कुमार की मौत हो गई। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए 3 टीम बनाई गई हैं। दोनों में पुरानी रंजिश थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि छोटे लाल दिवाकर हमारी पार्टी के कर्मठ नेता थे। उन्हें पार्टी ने 2017 में चंदौसी विधानसभा से टिकट दिया था, लेकिन यह सीट गठबंधन में चली गई थी। संभल में हमारे नेता की हत्या से यह बात साफ है की पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है और प्रदेश में विपक्षी पार्टी के लोगों खासकर सपा कार्यकर्ताओं की खुलेआम हत्याएं की जा रही हैं।
