ग्रीन जोन में अब ग्वालियर लॉकडाउन फेज-4 में, शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक कहीं भी आना-जाना प्रतिबंधित
भोपाल. लॉकडाउन फेज-4 में मध्य प्रदेश में सिर्फ रेड और ग्रीन जोन होंगे, राज्य में अब ऑरेंज जोन नहीं होंगे। इंदौर, भोपाल, उज्जेन, जबलपुर, बुराहानपुर, खंडवा और देवास रेड जोन में बाकी सभी जिले ग्रीन जोन में होंगे। रेड जोन के कंटेनमेंट एरिया में किसी तरह की गतिविधियां शुरू नहीं होंगी। ग्रीन जोन में सभी तरह की गतिविधियां सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शुरू हो सकेंगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने की और बताया गया कि शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक कहीं भी आना-जाना प्रतिबंधित रहेगा।
सभी कन्टेनमेंट क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध जारी रहेंगे
मुख्यमंत्री शिवराज ने आगे कहा कि लॉकडाउन फेज-4 के दौरान सभी कन्टेनमेंट क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध जारी रहेंगे केवल अत्यावश्यक गतिविधियों की अनुमति होगी। इस जोन के भीतर और बाहर लोगों का आना-जाना प्रतिबंधित रहेगा केवल मेडिकल इमरजेंसी, आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति की जा सकेगी। कंटेनमेंट एरिया में उद्योग संचालित नहीं होंग लेकिन इनके बाहर सभी स्थानों पर उद्योग संचालित किये जा सकेंगे।
सभी जोन में प्रतिबंधित गतिविधियां
सभी जोन में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, प्रशिक्षण संस्थान, होटल, रेस्टोरेंट, होस्पिटलिटी सेवाएं, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर्स, बार, ऑडिटोरियम प्रतिबंधित रहेंगे। इन जोन्स में सामुदायिक कार्यक्रम, सभी प्रकार के सामाजिक, राजनैतिक, खेलकूद, मनोरंजन, अकादमिक, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन नहीं हो सकेंगे।
धार्मिक स्थल व सभाएं प्रतिबंधित रहेंगी
सभी धार्मिक स्थल, पूजा स्थल पर धार्मिक सभाएं प्रतिबंधित रहेंगी। शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक लोगों का आना-जाना केवल अत्यावश्य गतिविधियों के लिए मान्य होगा। बाकी के लिए प्रतिबंधित रहेगा। सार्वजनिक परिवहन की बसें अभी एक सप्ताह तक प्रतिबंधित रहेंगी और इसके बाद समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा।
रेड जोन में ये गतिविधियां
रेड जोन के अंतर्गत मोहल्ले की दुकानें, रहवासी परिसर की दुकानें और बाजारों में स्थित आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी। ऑनलाइन शिक्षा चालू रहेगी।
मेडिकल, पुलिस आवास, क्वारैंटाइन सेंटर, फंसे हुए लोगों के भोजन के लिए उपयोग किए जाने वाले होटल, बस डिपो, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट में संचालित कैंटीन चालू रहेंगे।
होम डिलेवरी करने वाले रेस्टोरेंट के किचन, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, स्टेडियम (बिना दर्शकों के), सभी प्रकार का माल परिवहन, कार्गो मूवमेंट और उनके खाली वाहनों का मूवमेंट जारी रहेंगे।
स्वास्थ्यकर्मियों व सफाईकर्मियों का आवागमन, उद्योगों के लिए श्रमिकों को लाने ले जाने की बसें व शासकीय और निजी कार्यालय 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चालू रहेंगे।
ग्रीन जोन में ये गतिविधियां
ग्रीन जोन सभी क्षेत्रों के लिए प्रतिबंधित गतिविधियों को छोड़कर शेष सभी प्रकार की गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी।
सभी दुकानें व बाजार खुले रहेंगे, सब्जी मंडिया खुलेंगी।
निजी व शासकीय कार्यालय पूरी क्षमता से चलेंगे और निजी वाहनों से आवागमन किया जा सकेगा।
यदि किसी ग्रीन जोन जिले में पॉजिटिव प्रकरण बढ़ते है जो वह रेड जोन में परिवर्तित किया जा सकेगा।
