कुछ एयरलाइन कंपनियों ने जून से उड़ानों की बुकिंग शुरू कर दी
मुंबई. राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के चलते 31 मई तक वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं निलंबित रहने के बीच कुछ एयरलाइन कंपनियों ने जून से उड़ानों की बुकिंग शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोविड-19 के कारण जारी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान 25 मार्च से निलंबित हुई सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिलहाल कम से कम 31 मई तक बंद है और उनका परिचालन शुरू करने के संबंध में सरकार की ओर से कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ है।
वहीं जानकारी मिली है कि घरेलू विमानन कंपनियों ने जून से अपने उड़ानों की बुकिंग शुरू कर दी है। संपर्क करने पर स्पाइसजेट के जानकारों ने बताया कि कंपनी ने 15 जून से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बुंकिग शुरू कर दी है। इंडिगो व विस्तारा के जानकारों ने बताया कि दोनों कंपनियां घरेलू उड़ानों के लिए बुकिंग कर रही है हालांकि बुकिंग शुरू करने के लिए स्पाइसजेट, इंडिगो, विस्तारा और गोएयर की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
