ग्वालियर में लॉकडाउन से व्यापारियों की कमर टूटी, कहा लॉकडाउन आगे बढ़ा तो आंदोलन होगा
ग्वालियर. व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोना-चांदी व्यवसायी संघ, नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट, टोपी बाजार मार्केट, टोपीबाजार व्यवसायी संघ के एक सैकड़ा से अधिक व्यापारियों से (ई-बात व्यापारियों के साथ) कार्यक्रम में व्यापार पर चर्चा हुई। व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि हम व्यापारियों के दर्द को समझ रहे है इसके लिए कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन के साथ बैठकें की है। 6 पन्ने का एक प्रस्ताव रखा जिसमें छोटे से बड़े सभी व्यापारों को सम्मिलित करते हुए सावधानीपूर्वक आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ करने का अनुरोध किया है।
नजरबाग मार्केट
नजरबाग मार्केट के अध्यक्ष सुरेश बंसल ने कहा कि हम क्रमशः दुकान खोलने के लिए तत्पर है। हमारे यहां कपड़ा धूल खा रहा है दीमक लग रही है बहुत आर्थिक क्षति हो रह है। हम चाहते है कि नगर निगम की दुकानों का किराया माफ किया जाए।
सराफा बाजार
सराफा बाजारः सोना चांदी व्यवसायी संघ लश्कर के अध्यक्ष पुरूषोत्तम जैन ने कहा कि हमने कलेक्टर से मिलकर अनुरोध किया है कि दुकानें साफ करने के लिए टाइम दिया जाए। हमारे यहां शॉर्ट सर्किट से 2 बार आग लग चुकी है। चूहे तार काट रहे है यदि बाजार को सफाई की मोहलत मिले तो हम प्रशासन के आभारी रहेंगे।
टोपी बाजार
टोपी बाजार के अध्यक्ष संदीप वैश्य ने कहा कि हम कोरोना से मरें न मरें पर आर्थिक मंदी से व्यापारी की कमर टूट गयी है। हम चाहते है कि जूता, क्रॉकरी, कॉस्मेटिक को अपने एक वर्ग में रखते हुए दुकानें खोलने की इजाजत दी जानी चाहिए। टोपी बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन माहेश्वरी ने आगे कहा कि जान जोखिम में डालकर दुकानदार दुकान खोलने को तैयार है हम मास्क लगायेंगे, सेनेटाइज करेंगे, नियमों का पालन करेंगे। जब प्रशासन शराब की दुकान खोल सकता है तो व्यापारियों को दुकानें खोलने की इजाजत क्यों नहीं है। अगर 17 तारीख तक लॉकडाउन खुलने तक दुकाने खोलने के आदेश नहीं हुए तो सभी दुकानदार असहयोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे
सुभाष मार्केट
सुभाष छावड़ा ने कहा कि हमारे यहां जो सामान है वह अगर जून-जुलाई में नहीं बिका तो सामान सड़ जाएगा इसलिए हमें सप्ताह में एक दिन की इजाजत मिले लेकिन 12 से शाम 5 बजे तकी इजाजत मिले। हरियाणा सरकार ने नगर निगम की दुकानों का किराया माफ किया है इसलिए हम चाहते हैं कि नगर निगम भी किराया माफ करे।
