ग्वालियर में कोरोना से हुई पहली मौत
ग्वालियर. शहर में कोरोना संक्रमण से पहली मौत एक 76 वर्षीय बुजुर्ग की हो गई है। बुजुर्ग को 5 दिन पहले कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद परिजनों ने जेएएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती इस बुजुर्ग की रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को मौत हो गई। मौत के बाद इस बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आने से प्रशासन व स्वास्थ्य महकमें में हड़कंप मच गया है।
सर्दी, जुकाम के साथ बुखार आने की शिकायत थी
डबरा निवासी 76 वर्षीय बुजुर्ग गंगाराम रोहिरा को 4 दिन पूर्व सर्दी, जुकाम के साथ लगातार बुखार आने की शिकायत पर परिजनों ने जेएएच में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था। बुजुर्ग गंगाराम में कोरोना वायरस के संक्रमण दिखाई देने पर जांच कराई थी। गंगाराम की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मृतक गंगाराम का शव जो कि मारचुरी में रखा गया था आज दोपहर बाद मृतक गंगाराम का अंतिम संस्कार कोरोना में जान गंवानों के लिए तय किए गए प्रोटोकॉल के अनुसार लक्ष्मीगंज स्थित विद्युत शवगृह में किया जाएगा।
कर रहे क्रॉस टेस्ट- कौशलेन्द्र सिंह, कलेक्टर
जेएएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 76 वर्षीय वृद्ध की मौत के बाद उसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई है। चूंकि उसे निमोनिया की शिकायत थी जिसका उपचार चल रहा था। वृद्ध की मौत कोरोना के चलते हुई है इसका पता लगाने के लिए कंफर्ममेट्री टेस्ट कराया जा रहा है।
