कार्रवाई ऐसी हो जिससे माफियाओं में खौफ पैदा हो -कलेक्टर

ग्वालियर एंटी माफिया अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई करें, जिससे माफियाओं में खौफ पैदा हो और समाज में सकारात्मक संदेश जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा बड़े-बड़े भू-माफियाओं, मिलावटखोरों, शराब माफिया, चिटफंडियों, दूसरे की सम्पत्तियों पर जबरन कब्जा करने वालों, गंभीर अपराधों में लिप्त असमाजिक तत्व एवं खनिज माफिया इत्यादि की अवैध सम्पत्तियों को जब्त कर कठोर कार्रवाई की जाए। बड़े-बड़े माफियाओं की सूची भी सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों से मांगी है।
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई से कानून व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ अपराध पर भी नियंत्रण होता है। इसलिए एंटी माफिया अभियान को पूरी गंभीरता के साथ अंजाम दिया जाए।
सीएम हैल्पलाइन के निराकरण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विशेष तौर पर सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के लिये शिविर लगाएं। इन शिविरों में संबंधित शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनकी मौजूदगी में शिकायतों का निराकरण करें।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी ने कहा 29 मार्च को सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ ग्वालियर जिले में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया जायेगा। जिले के विभिन्न ग्रामों में निवासरत 278 हितग्राही इस दिन अपने पक्के घरों में पहुँचेंगे। बैठक में अपर कलेक्टर एचबी शर्मा, जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *