दिल्ली से जम्मू जा रहा Spicejet का विमान बिजली के खंभे से टकराया, मचा हड़कंप

नई दिल्ली. दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट का एक विमान बिजली के खंभे से जा टकराया। इससे विमान और पोल दोनों क्षतिग्रस्त हो गए है। टक्कर की सूचना लगते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और तुरंत एयरपोर्ट की टीम पहुंची। दरअसल ये टक्कर पुशबैक के दौरान हुई यानी जब विमान को यात्री टर्मिनल से रनवे पर ले जाया जा रहा था। एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के पुशबैक के दौरान एक स्पाइसजेट की फ्लाइट बिजली के खंभे से टकरा गई और उसमें सवार यात्रियों के लिए विमान बदल दिया गया था।

इस विमान को दिल्ली से जम्मू के लिए उड़ान भरना था।जब हादसा हुआ तब यात्री विमान में सवार नहीं थे। बाद में विमान के क्षतिग्रस्त होने की वजह से यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से जम्मू भेजा गया। इस घटना के बाद स्पाइसजेट की ओर से भी बयान जारी किया गया है। विमानन कंपनी ने कहा है कि, ‘स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 160 दिल्ली से जम्मू के जानी थी, लेकिन पुश बैक के दौरान इसकी टक्कर बिजली के खंभे से हो गई, जिससे एलेरॉन को नुकसान हुआ। उड़ान को संचालित करने के लिए दूसरी विमान की व्यवस्था की गई है।’

स्पाइसजेट के प्रवक्ता के मुताबिक, सोमवार को स्पाइसजेट ने गोरखपुर-वाराणसी सहित सात उड़ानें शुरू करने की घोषणा की थी, जिसका उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *