मारपीट के केस में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को 1 साल की सजा सुनाई

इंदौर. 10 साल पुराने मारपीट के एक मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित छह लोगों को इंदौर विशेष न्यायालय ने एक-एक साल कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने आरोपितों पर पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। दिग्विजय सिंह व अन्य पर 17 जुलाई 2011 को उज्जैन में भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप था। खास बात यह कि एफआइआर में दिग्विजय सिंह का नाम ही नहीं था लेकिन बाद में अभियोजन ने धारा 319 के तहत एक आवेदन देकर उनका नाम जुड़वाया गया था। प्रकरण का विचारण भोपाल के विशेष न्यायालय में चल रहा था लेकिन पिछले दिनों जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज प्रकरणों की सुनवाई के लिए इंदौर में विशेष न्यायालय गठित होने के बाद प्रकरण भोपाल से इंदौर विशेष न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया था। शनिवार को विशेष न्यायाधीश मुकेश नाथ ने मामले में फैसला सुनाया। सजा सुनाने के कुछ ही देर बाद दिग्विजयसिंह और अन्य को 25-25 हजार के मुचलके पर जमानत भी दे दी गई।

केस में नौ नामजद आरोपित थे
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, तराना से विधायक महेश परमार, दिलीप चौधरी, जय सिंह दरबार, असलम लाला, अनंत नारायण मीणा, मुकेश भाटी और हेमंत चौहान को आरोपित बनाया गया था।

6 को सजा, 3 बरी
विशेष न्यायालय ने मामले में मुकेश भाटी, हेमंत चौहान और तराना विधायक महेश परमार को बरी कर दिया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, दिलीप चौधरी, जयसिंह दरबार, असलम लाला, अनंत नारायण मीणा को एक-एक साल की सजा और पांच-पांच हजार रूपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया।

2 घंटे कोर्ट रूम में बैठे सिंह
10 साल से जारी इस प्रकरण के निर्णय से पहले जिला कोर्ट मं आखिरी तारीख पर दिग्विजय सिंह, गुड्डु व अन्य नेता खुद पेश हुए। कोर्ट ने पहले सुनवाई के लिए 3.30 बजे का वक्त तय किया था। दिग्विजय सिंह पहुंचे तो वकीलों ने 4.50 बजे का समय दिया। बाद में शाम करीब 6.15 बजे कोर्ट ने निर्णय सुनाया। इस दौरान दिग्विजय सिंह करीब दो घंटे तक कोर्ट रूप में ही बैठकर इंतजार करते रहे। सजा सुनाने के बाद फैसले की प्रति लेने और फिर जमानत की प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान कोर्ट रूम के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे। शाम 7 बजे तक जिला कोर्ट में गहमा-गहमी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *