MP में अप्रैल के बिजली बिल में 70 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
जबलपुर. अप्रैल माह में मिलने वाले बिजली बिल में कुछ राहत मिल सकती है वजह समाधान योजना में जमा राशि का समायोजन होना है। ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने समाधान योजना में 31 अगस्त 2021 के पूर्व का बिजली बिल बकाया जमा किया है उन्हे अब यह राशि बिजली कंपनी वापस लौटाएगी। अप्रैल माह के बिल में इसका समायोजन किया जाएगा।
ज्ञात हो कि एक किलोवाट भार क्षमता वाले घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को कोरोना अवधि के दौरान 31 अगस्त 2020 से पूर्व तक का बिल बकाया लेने पर सरकार ने रोक लगाई थी। बाद में इसे वसूलने के लिए समाधान योजना दी गई। जिसमें दो तरह के विकल्प उपभोक्ताओं को दिए गए। समाधान योजना में उपभोक्ताओं को शिविर लगाकर विकल्प चयन करने को कहा गया। कई उपभोक्ता ने बिल की राशि एकमुश्त जमा की क्योंकि योजना में ऐसे उपभोक्ताओं को छूट मिली। वहीं प्रदेशभर में बिल एकाएक जुड़ आने से उपभोक्ताओं में नाराजगी आ गई। कोरोना संक्रमण के दौर में आर्थिक तंगी से जूझ रहे उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने में असमर्थता जाहिर की। इस मामले में कई जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बकाया बिल माफ करने की मांग की। इधर विपक्ष ने इसे मुद्दा बनाकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। सरकार पर दबाव बना तो योजना को खत्म करते हुए बकाया बिल माफ करने के आदेश हुए। अब ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल पहले ही जमा कर दिया था उन्हें वह राशि उनके बिल में समायोजित करने के निर्देश मिले हैं।
