ग्वालियर में महिला की मौत पर केडीजे हास्पिटल में हंगामा
ग्वालियर. केडीजे हास्पिटल बारादरी पर महिला संध्या तोमर की मौत से आक्रोशित स्वजन ने शनिवार सुबह हंगामा कर दिया। हास्पिटल में हंगामा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित लोग महिला की मौत के लिए अस्पताल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने लिखित शिकायत पर जांच का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया और महिला के शव को पीएम के लिए डेड हाउस पहुंचा दिया है। बताया गया है कि मृतक को ब्रेनहमरेज हुआ था।
मुरैना जिले के कटेलापुरा निवासी सहदेव सिंह तोमर ने मुरार थाने में लिखित शिकायत कर बताया कि 16 मार्च को पत्नी संध्या तोमर अचानक घर में बेहोश हो गईं थी। मुरैना में प्राथमिक उपचार के बाद पहले एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया। इस हास्पिटल में आयुष्मान कार्ड स्वीकृत नहीं होने पर वह मरीज को केडीजे हास्पिटल ले आए। अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें बताया कि उनके यहां आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा उपलब्ध है और मरीज भी ठीक हो जाएगा। 17 मार्च को संध्या को केडीजे में भर्ती करा दिया। 18 मार्च को मरीज की हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल प्रबंधन से किसी उसे न्यूरोसर्जन को बुलाने के लिए निवेदन किया। क्योंकि मरीज की हालत में कोई सुधार होने की बजाए निरंतर बिगड़ रही थी। शुक्रवार की संध्या की मौत हो गई। अगर समय पर अस्पताल प्रबंधन ने किसी वरिष्ठ चिकित्सक को बुलाकर दिखबाया होता तो, संध्या की जान बच सकती थी।
