स्मार्ट सिटी परियोजना से साढ़े नौ करोड़ की लागत से जड़ेरुआ बांध से बेहटा तक बनेगी आधुनिक पक्की सड़क
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री भारत सिंह के प्रयासों से मंजूर हुई है सड़क
ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग से जड़ेरुआ बांध को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का निर्माण स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत होगा। जडेरुआ बांध से हाइवे पर स्थित बेहटा तक इस सड़क मार्ग के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण की इस सड़क के निर्माण के लिए प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह विशेष रूप से प्रयासरत थे। उन्हीं के प्रयासों से इस सड़क की मंजूरी मिली है। लगभग 6.3 किलोमीटर लम्बी इस सड़क के निर्माण पर लगभग साढ़े नौ करोड़ रुपए की लागत आएगी यह सड़क बनने से क्षेत्र के विकास में नए आयाम स्थापित होंगे।
शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस क्रम में हाईवे से जडेरुआ को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण ग्वालियर स्मार्ट सिटी करने जा रही है। स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन द्वारा इसके लिये निविदाएँ जारी कर दी गई हैं। यह सड़क बनने से इस क्षेत्र का यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
इस सड़क के निर्माण को लेकर कुछ समय पहले लोक निर्माण और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई थी। वर्तमान में यह सड़क जर्जर है वहीं बारिश में जल भराव जैसी समस्याओं से आवागमन प्रभावित होता है।
ग्वालियर स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी द्वारा इस रोड को बनाये जाने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यह मार्ग कंक्रीट युक्त वाइट टॉप रहेगा। सड़क निर्माण पूरा करने के लिए 6 माह का समय निर्धारित किया गया है। इस मार्ग के बनने के बाद नेशनल हाईवे -44 से 6 नम्बर चौराहा, जडेरुआ बांध तथा समीपवर्ती क्षेत्रों में आवागमन सुचारू हो सकेगा। साथ ही इस पूरे क्षेत्र के विकास में भी मदद मिलेगी।
