ग्वालियर में जमीन को लेकर चली गोलियां, सड़क पर लहराई बंदूकें, पुलिस से भी हुई झूमाझटकी

ग्वालियर. बुधवार की शाम प्लॉट को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया, एक पक्ष की ओर से काफी लोग वहां एकत्रित हो गए और बंदूकों से फायरिंग शुरू कर दी। कुछ मिनट के लिए वह जगह जंग का मैदान बन गई। सिर्फ बंदूक लेकर दौड़ते लोग नजर आ रहे थे और हवा में गोलियों की आवाज सुनाई पड़ रही थी। झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात को संभालने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही गोलियां चला रहे बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ा भी लेकिन वह खुद को और बंदूक को छुड़ाकर फरार हो गए। घटना हजीरा के पीएचई कॉलोनी की है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला
शहर के हजीरा स्थित पीएचई कॉलोनी में 800 स्क्वॉयर फीट का एक प्लॉट है। यह प्लॉट एक विधवा महिला का है। इस प्लॉट को लेकर इलाके के पंकज सिंह चौहान और बृजकिशोर शर्मा में विवाद है। पंकज का कहना है कि उस महिला से उनकी डील प्लॉट को लेकर हो गई है, जबकि बुधवार को बृजकिशोर शर्मा प्लॉट को अपना बताकर निर्माण कार्य करा रहे थे। जब पंकज ने यह देखा तो उसने विरोध किया। तभी बृजकिशोर ने अपने भाई श्यामसुंदर और अन्य साथियों को बुला लिया। बृजकिशोर की ओर से करीब 15 से 20 लोग आ गए। ज्यादातर के हाथ में बंदूकें थीं। इसके बाद वहां मारपीट और फायरिंग होने लगी। पंकज की तरफ से मोहल्ले के लोग वहां पहुंच गए। इनकी ओर से भी फायरिंग की गई। बंदूक लेकर लोग सड़क पर दौड़ते हुए फायरिंग कर रहे थे। हंगामा की सूचना मिलते ही हजीरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी बृजकिशोर शर्मा के साथी गोलियां चला रहे थे। पुलिस ने दो लोगों को बंदूक के साथ पकड़ा भी, लेकिन वह झूमाझटकी बंदूक को छुड़ा ले गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *