विश्व धरोहर सप्ताह के तहत महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि से मोती महल तक निकली ‘हेरिटेज वॉक’

ग्वालियर – विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर) के उपलक्ष्य में गुरुवार को ग्वालियर में ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘हेरिटेज वॉक’ का आयोजन किया गया। पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय के निर्देशानुसार यह हेरिटेज वॉक में महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि से मोतीमहल तक निकली। इसमें शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय तथा मिस हिल हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी व शिक्षकों सहित आम नागरिक शामिल हुए। हैरीटेज वॉक के माध्यम से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य एवं पराक्रम, ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व तथा उनके संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
हेरिटेज वॉक के दौरान प्रतिभागियों को महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि से राज्य संरक्षित स्मारक मोती महल तक भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और पराक्रम के साथ ही ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहरों की विशेषताओं एवं महत्व से परिचित कराया गया। मोती महल में पुरातत्व के महत्व, ऐतिहासिक कलाकृतियों और पेंटिंग्स के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य एपी सिंह एवं पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय के उपसंचालक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन संतोष साहू ने किया। यह हेरिटेज वॉक नागरिकों में अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा इनके महत्व को समझाते हुए सुरक्षा, संरक्षण और साफ-सफाई के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *