सिंधिया की फुफेरी बहन प्रतिमा को कोर्ट से झटका, गवाही टलने पर 10 हजार का हर्जाना

ग्वालियर. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की फुफेरी बहन प्रतिमा राणा पर अदालत ने 10 हजार रुपए हर्जाना लगाया है। राजपरिवार के संपत्ति विवाद में बुधवार को उनकी ओर से साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने थे, लेकिन उनके वकील ने अपनी शादी का हवाला देकर अगली तारीख मांग ली। अदालत ने समय तो दे दिया, लेकिन हर्जाने की शर्त लगा दी। अब 2 दिसंबर को साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
जिला न्यायालय, ग्वालियर में बुधवार को प्रतिवादी क्रमांक 21 प्रतिमा राणा की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत होना था। । उनके अधिवक्ता ने शादी में व्यस्त होने के कारण समय मांगा। अदालत ने आदेश में कहा कि प्रकरण 10 साल से अधिक पुराना है। हाई कोर्ट के निर्देशानुसार ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण जरूरी है। अदालत ने समय देने का आवेदन स्वीकार करते हुए प्रतिमा राणा को 10 हजार रुपए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा कर रसीद प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
प्रतिमा राणा, ज्योतिरादित्य सिंधिया की दिवंगत बुआ पद्मावती राजे की बेटी हैं। उन्होंने पारिवारिक संपत्ति में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी का दावा किया है। उनका आरोप है कि परिजनों ने धोखे से संपत्ति के प्रस्तावित समझौते पर उनके हस्ताक्षर कराए। दूसरी ओर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और तीनों मौसियों राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे और ऊषा राजे राणा ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि समझौते पर हस्ताक्षर सहमति से हुए थे। प्रतिमा राणा को अब अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करने हैं।
10 लाख की कॉस्ट लगानी चाहिए सुनवाई के दौरान जब प्रतिमा के वकील ने समय मांगा तो अन्य वकीलों ने विरोध किया। एक वकील ने कहा िक प्रतिमा के पास मीडिया में बयान देने, आरोप लगाने का समय है। लेकिन कोर्ट में साक्ष्य प्रस्तुत करने का समय नहीं है। चूंकि, सिंधिया राजपरिवार की संपत्ति कई हजार करोड़ की है। ऐसे में समय 10 लाख कॉस्ट जमा करने की शर्त पर िदया जाना चाहिए। हालांकि, कोर्ट ने 10 हजार ही हर्जाना जमा करने की शर्त रखी। वियतनाम का टिकट प्रस्तुत किया प्रतिमा की ओर से कोर्ट में प्रस्तुत आवेदन में एयर टिकट पेश किए गए। इसमें उनकी बेटी व अन्य परिजन के वियतनाम जाने की जानकारी दी गई। इसके अनुसार, प्रतिमा के परिजन 18 से 20 नवंबर के बीच में वापस लौटेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *