आग ताप रहे 5 लोगों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत; 2 घायल, ढाबे के पास 3 वाहनों को भी टक्कर

जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल हैं। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसा करीब 3 बजे सोनू ढाबे के सामने हुआ। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मारी, लोगों को कुचलने के बाद पलट गया। सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास के मुताबिक, मृतकों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हैं। ट्रक (MP 20 HB 1200) शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा था। इसे जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बोलेरो और एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
ड्राइवर के नशे में होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जबकि कुछ ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे थे, तभी मक्का से भरा तेज रफ्तार ट्रक जबलपुर की ओर आया। ट्रक ने लापरवाही से सड़क किनारे खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप को टक्कर मारी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई गई है।

एक पिकअप वाहन को भी नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *