तीसरी लाइन पर बीना-धौलपुर के बीच ट्रेनें चलाने के निर्देश, दतिया-मुरैना के यात्रियों को राहत

तीसरी लाइन पर दौड़ेंगी समता-लश्कर, घटेगा ट्रेनों का दबाव
ग्वालियर- बीना से धौलपुर के बीच तीसरी रेल लाइन तैयार होने के बाद अब इस पर ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। उत्तर मध्य रेलवे ने समता और लश्कर एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों को तत्काल प्रभाव से तीसरी लाइन पर चलाने के निर्देश जारी किए हैं। इससे ग्वालियर-झांसी रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन का दबाव कम होगा। इनमें एलटीटी-आगरा कैंट लश्कर एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन समता एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें बीना से धौलपुर के बीच तीसरी लाइन से गुजरेंगी। वहीं प्रयागराज-ग्वालियर और ग्वालियर-झांसी एक्सप्रेस को झांसी-ग्वालियर सेक्शन में तीसरी लाइन पर चलाने के निर्देश दिए हैं। चंडीगढ़-यशवंतपुर और हजरत निजामुद्दीन-यशवंतपुर एक्सप्रेस को तीसरी लाइन पर संचालित किया जाएगा।
यात्रियों के लिए फायदे
1. आउटर पर इंतजार कम: सिग्नल और ट्रैक खाली होने का इंतजार घट सकता है। ट्रेनों की लेटलतीफी कम करने में मदद मिलेगी।
2. समयपालन में सुधार: दूसरी ट्रेनों पर असर कम होगा।
3. व्यस्त रूट पर अतिरिक्त क्षमता: अधिक ट्रेनों के संचालन के लिए ट्रैक उपलब्ध होगा।
4. छोटे स्टेशनों को फायदा: डबरा, दतिया और मुरैना के यात्रियों को भी समय पर ट्रेन मिलने की संभावना बढ़ेगी।
आउटर पर नहीं खड़ी होंगी ट्रेनें
तीसरी लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा। अभी दोहरी लाइन पर एक ही दिशा में चलने वाली ट्रेनों को आगे की ट्रेन के निकलने, क्रॉसिंग या ट्रैक खाली होने का इंतजार करना पड़ता है। तीसरी लाइन से ट्रेनों का संचालन अलग-अलग ट्रैक पर बांटना आसान होगा।
ट्रेनों की परिचालन क्षमता बढ़ेगी
तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने से इस रेलखंड की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। ट्रेनों को आउटर पर अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे ट्रेनों के समयपालन में सुधार होगा और ग्वालियर, डबरा, दतिया व मुरैना के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। साथ ही ट्रेनें बेवजह लेट नहीं होंगी।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *