MP में 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवादूत अभियान, घर-घर पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं
भोपाल. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित निगम-मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों की अहम बैइक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल और आगामी कार्ययोजनाओं पर मंथन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंदेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने विभिनन श्रेणियों की बैठक ली। बैठक के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने चर्चा करते हुए आगामी अभियानों की जानकारी दी।

सेवादूत अभियान के जरिए घर-घर पहुंचेंगी योजनाएं
सीएम मोहन यादव ने बताया कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफलतम 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 से 25 दिसंबर अटल जी की जयंती तक सेवादूत अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत संगठन और सरकार मिलकर केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति और छूटे हुए क्षेत्रों तक पहुंचाएंगे। सीएम ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं इस अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे और इसमें मंत्री, निगम-मंडलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि किसान कल्याण वर्ष के समापन के बाद प्रदेश सरकार अगला वर्ष युवा वर्ष के रूप में मनाएगी जो युवाओं और रोजगार से जुडे विषयों को समर्पित रहेगा।
निगम-मंडलों के कामकाज का मंथन
बैठक के दौरान निगम-मंडलों और प्राधिकरणों के अब तक के काम-काज की गहन समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश को अपने कार्यों का ब्यौरा सौंपा। बैठक में तय किया गया कि सेवादूत कार्यक्रम के दौरान निगम और प्राधिकरण अपने-अपने संबद्ध क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। इसके साथ ही ही शेष बचे प्राधिकरणों और निगमों में रूकी हुई नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई।
