अब एमपी का मतलब, मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट और मेगा प्रोजेक्ट है – मुख्यमंत्री

टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करेगा ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड)
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन टीएमजेड निवेशक सम्मेलन को किया संबोधित
भोपाल- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व, देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश निरंतर नए औद्योगिक अवसरों के द्वार खोल रहा है। इसी कड़ी में ग्वालियर में 170 एकड़ में देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन विकसित किया जा रहा है, जो टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती प्रदान करेगा। वर्तमान में टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है। यह ज़ोन टेलीकॉम उपकरणों के डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास, नवाचार, परीक्षण, प्रमाणन और विनिर्माण का एकीकृत केंद्र बनेगा। यहां 5G, 6G, सैटकॉम, ऑप्टिकल फाइबर और IoT जैसी भविष्य की तकनीकों के उत्पादन एवं नवाचार को नई दिशा मिलेगी। ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के लिए 25 निवेशकों की रुचि, 15 उत्पाद श्रेणियां और 3,600 करोड़ रूपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव ग्वालियर की औद्योगिक संभावनाओं को रेखांकित करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल में आयोजित “टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन इन्वेस्टर मीट” को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड) निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ किया।
15 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे
ग्वालियर में लगभग 450.45 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के दूसरे चरण का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश केवल घोषणाएं करने वाला राज्य नहीं, बल्कि विकास कार्यों को तीव्र गति से धरातल पर उतारने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। मध्यप्रदेश ने फाइल वर्क से आगे निकलकर फील्ड वर्क पर ध्यान दिया और आज न्यूनतम समय में अधिकतम परिणाम मिल रहे हैं। टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू हुआ था। लेकिन केवल 4 से 5 महीने में टीएमजेड के पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया गया और इसके दूसरे फेज के लिए 450.45 एकड़ जमीन देकर इसका भी शुभारंभ किया गया है।
व्यापार-व्यवसाय में बाधा बन रहे 925 से अधिक अनावश्यक कानूनों को समाप्त किया गया
मध्यप्रदेश सरकार ने लगभग 2,700 से अधिक अनुपालनों को समाप्त किया है। इसके साथ ही, व्यापार और व्यवसाय की राह में बाधा बन रहे 925 से अधिक अनावश्यक कानूनों को भी समाप्त किया गया है। इसी का परिणाम है कि आज मध्यप्रदेश इतनी तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ने का सामर्थ्य प्राप्त कर सका है। अब एमपी का मतलब, मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट और मेगा प्रोजेक्ट है। आज मध्यप्रदेश की विकास दर 11% से अधिक और औद्योगिक विकास दर 24% से ऊपर पहुंच गई है। निवेशकों के विश्वास और उनके सहयोग से मध्यप्रदेश लगातार तीसरे वर्ष जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
औद्योगिक विकास राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण
टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के स्थापना के बाद ग्वालियर अब केवल संगीत की नगरी नहीं, बल्कि दूरसंचार और तकनीक की नगरी भी है। औद्योगिक विकास के लिए बिजली की आवश्यकता होगी। प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गांधीसागर के पास पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना के पहले टर्बाइन का शुभारंभ किया गया है। इस परियोजना से 2000 मेगावाट बिजली पैदा होगी, जो हमारी भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के संकल्प की शक्ति के बलबूते पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना का कार्य रिकॉर्ड ढाई साल में पूर्ण हो रहा है। यह देश के लिए ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सौगात है।
भारत टेलीकॉम सर्विस के बड़े उपभोक्ता से सर्विस प्रोवाइडर के रूप में आगे बढ़ रहा है – केन्द्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधियाने कहा कि अतिथि देवो भव: मध्यप्रदेश की परंपरा रही है। आज जो निवेशक अतिथि के रूप में पधारे हैं, वे भविष्य में मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाकर यही के निवासी भी बनेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास का नक्शा तैयार हुआ है, संकल्प, निष्ठा के साथ एक क्रांति पैदा हुई है, जिसकी नींव 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृ्त्व में रखी गई थी। दूरसंचार के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ा है। वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 6 करोड़ ब्रॉडबैंड उपभोक्ता थे। आज इनकी संख्या 16 गुना बढ़कर 102 करोड़ हो चुकी है। इंटरनेट कनेक्शन भी 25 करोड़ से बढ़ते हुए आज 110 करोड़ तक पहुंचे हैं। स्मार्टफोन और इंटरनेट की सुविधा से अब दुनिया के किसी भी कोने में सम्पर्क हर व्यक्ति के लिए सरल हुआ है। देश में 4जी कनेक्टिविटी 99 प्रतिशत गांवों और प्रत्येक जिले तक पहुंच गई है। भारत ने 5जी इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश में 50 करोड़ उपभोक्ता 5जी इस्तेमाल करते हैं। भारत 6जी इंटरनेट सुविधा के विकास में भी दुनिया का नेतृत्व करेगा। बदलते माहौल में भारत टेलीकॉम सर्विस के सबसे बड़े उपभोक्ता से सर्विस प्रोवाइडर के रूप में आगे बढ़ रहा है।
ग्वालियर में उद्योग-व्यापार की लंबी परंपरा रही है
देश में स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) विकसित किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि आज ग्वालियर में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के सहयोग से टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन आकार ले रहा है। ग्वालियर देश के मध्य में स्थित होने के कारण बेहतर कनेक्टिविटी रखता है। दिल्ली से ग्वालियर की दूरी भी कम है, एक्सप्रेसवे का निर्माण यात्रा के समय को कम करेगा। ग्वालियर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है, जहां से टीएमजेड की दूरी मात्र 20 मिनट है।
भारत कई सालों से टेलीकॉम सेवाओं का सबसे बड़ा उपभोक्ता है
केन्द्रीय संचार मंत्रालय के अपर सचिव श्यामल मिश्रा ने कहा किभारत कई सालों से टेलीकॉम सेवाओं का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के आधार पर दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम सेक्टर में शोध, नवाचार, डिजाइन को प्रोत्साहन दिया है। हम भारत को टेलीकॉम सेक्टर में सबसे बड़ा हब बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *