जबलपुर में ATS की कार्रवाई, नाम बदलकर रह रहे 3 अफगानी संदिग्ध हिरासत में
भोपाल. एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में फर्जी पासपोर्ट और वीजा पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार तीनों का विक्टोरिया अस्पताल में मेडिकल मुलायजा करवाकर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। पूछताछ के बीच पकडे गए तीनों संदिग्धों की पहचान गुप्त रखी गई थी जो अब सामने आ चुकी है।
बता दें कि एटीएस की इस कार्रवाई में पकडे गए तीनों संदिग्धों के नाम असलम खान पिता शाह मोहम्मद खान उम्र 42 साल हाल निवास गरूलिया मैन रोड नोवापारा उत्तर 24 परगना थाना नोवापारा कोलकाता है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम अब्दुल बारी पिता मोहम्मद कासिम उम्र 41 साल निवास 11-बी इंद्रा विश्वास तल्ला, कोलकाता रोड थाना। जबकि पकडे गए तीसरे संदिग्ध का नाम अयूब खान पिता दोस्त मोहम्मद उम्र 50 साल हाल निवास 39-एपीसी रोड सियालदाह थाना एमरेस्ट स्ट्रीट कोलकाता पश्चिम बंगाल है।

पश्चिम बंगाल से आए जबलपुर
जानकारी के अनुसार पकडे गए तीनों संदिग्ध मूल रूप से अफ्गानिस्तान के निवासी बताए जा रहे है। तीनों पिछले कई दिनों से पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे। यहीं से इन्होंने फर्जी तरीके से अपने निवासी दस्तावेज बनवा लिए थे। दस्तावेज बनने के बाद ये मध्य प्रदेश के जबलपुर आ गए। यहां इन्होंने इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया था और अब ये तीनों निसंकोच जबलपुर में रह रहे थे।

जांच में जुटी ATS
जानकारी ये भी है कि, तीनों आरोपी आरोपी शहर की तंग बस्तियों में नाम बदलकर रह रहे थे। शुरुआती जांच में ये भी सामने आया है कि, इन्होंने दस्तावेजों में हेराफेर कर भारत में प्रवेश कर प्रवास कर रहे थे। फिलहाल, एटीएस ये पता लगाने में जुटी है कि, भारत में इनके आने के मार्ग और इस दौरान इन्हें किस किसकी मदद मिली है। एटीएस दूतावास से भी संपर्क बनाए हुए है, ताकि तीनों का बैकग्राउंड खंगाला जा सके कि, ये तीनों किसी गलत इरादे से तो भारत नहीं आए थे।
