विश्व धरोहर सप्ताह के तहत बाइकर्स रैली जाएगी मितावली-पड़ावली
गुजरी महल में चित्रकला प्रतियोगिता में 260 विद्यार्थियों ने लिया भाग
ग्वालियर, विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर) के अंतर्गत ग्वालियर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय, गुजरी महल में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 260 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ये आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, पुरातत्व विभाग, जिला प्रशासन एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ग्वालियर के संयुक्त समन्वय से किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि हेमलता मनकेले ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय के उपसंचालक पीसी महोबिया ने की। वरिष्ठ वर्ग में हर्षित सिंह ने प्रथम, रिया शर्मा ने द्वितीय तथा राघवेन्द्र सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में खुशी प्रजापति प्रथम, आयुषी सेन द्वितीय एवं सुजाता परिहार तृतीय स्थान पर रहीं।
आगामी आयोजनों में ग्वालियर से मितावली-पड़ावली तक बाइकर्स रैली भी निकाली जाएगी। इसके माध्यम से ऐतिहासिक स्मारकों के प्रचार-प्रसार के साथ युवाओं को धरोहर संरक्षण, स्वच्छता एवं जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा क्विज प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। जिला पुरातत्व परिषद के सचिव ने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपनी विरासत से जोड़ना तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
