सुसाइड से पहले बोला-मेरी मौत के जिम्मेदार पत्नी और ससुराल वाले, पत्नी सहित 4 पर एफआईआर
ग्वालियर. थाना विश्वविद्यालय इलाके के महलगांव स्थित सरकारी मल्टीस्टोरी में एक टैक्सी चालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, साली और साली के पति के खिलाफ आत्महत्या के प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। घटना 14 जुलाई की है। सुरेश ने आत्महत्या करने से पहले मोबाइल पर अपना अंतिम वीडियो बनाया था। जिसमें उसने पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाये थे। पुलिस ने इसी वीडियो और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर यह कार्यवाही की है। आत्महत्या से ठीक 2 दिन पहले पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के दविश दे रही है पुलिस
पुलिस ने वीडियों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद शुक्रवार को 4 आरोपियों आरती, शंकुतला, रानी और छोटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि अब चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। आरोपियों के पकड़े जाने और पूछताछ के बाद ही प्रताड़ना के आरोपी से जुड़े पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आखिरी वीडियो बना सबसे बड़ा सबूत
पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान मृतक के मोबाइल से एक वीडियो बरामद हुआ। सुरेश ने यह वीडियो आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी आरती, सास शकुंतला, साली रानी और रानी के पति छोटू शाक्य को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुरेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और अनबन रहती थी। मौत से पहले सुरेश ने 2 वीडियो शूट किए थे। 1 वीडियो 13 सेकंड का है, जबकि दूसरा 1 मिनट 28 सेकंड का है। पहले 13 सेकंड के वीडियो में वह अपने परिजन को फोन-पे का पासवर्ड बता रहा है, ताकि वे उसके खाते में मौजूद पैसे ले सकें। दूसरे वीडियो में वह अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में बता रहा है।
