स्वर्ण रेखा में सफाई के लिए निगम अमला तत्पर, अनेक स्थानों पर कराई सफाई
ग्वालियर 18 नवम्बर 2026- स्वर्ण रेखा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने एवं इसकी स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम की टीमें नदी के आसपास के क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं तथा नदी एवं उसके किनारों पर कचरा फेंककर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नागरिकों को जागरूक कर स्वर्ण रेखा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की जा रही है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार स्वर्ण रेखा नदी में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही जहां जहां स्वर्ण रेखा नदी में कचरा फेंका जा रहा है वहां पर सफाई कराई गई। जिसके तहत आज वार्ड 35 में शांति नगर के पास, नहर पट्टा गंगाराम बाल्मीक के मकान के पास, फूलबाग चौपाटी के पास स्वर्ण रेखा नदी की सफाई कराई गई।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि स्वर्ण रेखा नदी एवं उसके आसपास कचरा न डालें। नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम की कार्रवाई के साथ नागरिकों का सहयोग ही स्वर्ण रेखा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
