पूरी भव्यता व नए आकर्षण के साथ लगेगा ऐतिहासिक ग्वालियर मेला, झूला सेक्टर का क्षेत्र बढ़ेगा
हर सेक्टर में फायर और विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे
15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक होगा ग्वालियर व्यापार मेले का आयोजन
ग्वालियर – ऐतिहासिक माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला इस बार पूरी भव्यता और नए आकर्षण के साथ लगेगा। मेले की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इस सिलसिले में मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन की अध्यक्षता एवं उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर व कलेक्टर रुचिका चौहान की मौजूदगी में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बुधवार को अहम बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि मेले में आने वाले सैलानियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुख्ता व्यवस्था की जायेंगीं। बैठक में बताया गया कि इस साल ग्वालियर व्यापार मेले का आयोजन 15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक होगा।
सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर इस बार मेले के झूला सेक्टर का एरिया बढ़ाने का निर्णय बैठक में लिया गया। झूला सेक्टर का क्षेत्र बढ़ाने के लिये इस सेक्टर के ऊपर से होकर गुजर रही विद्युत लाइन शिफ्ट करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को दिए गए। इसके लिये आवश्यक धनराशि मेला प्राधिकरण द्वारा विद्युत वितरण कंपनी को उपलब्ध कराई जायेगी। ईएण्डएम एवं झूला सेक्टर की सुरक्षा से जुड़े अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तकनीकी आधार पर झूलों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो, इसके लिये बारीकी से प्रतिदिन निरीक्षण किया जाए। मेला प्राधिकरण से कहा गया कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो, इसलिये बड़े झूलों के आगे छोटे झूले न लगने दिए जाएं। अर्थात झूला सेक्टर का मार्ग पूरी तरह सुगम रहना चाहिए।
बुधवार को मेला प्राधिकरण के सभागार में आयोजित हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारीसोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर, मेला प्राधिकरण के सचिव सुनील त्रिपाठी एवं मेला की व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
चार सेक्टर में विभक्त कर लागू की जायेगी सफाई व्यवस्था
मेले को साफ-सुथरा रखने के लिये सम्पूर्ण मेले को चार सेक्टर में विभाजित कर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जायेगी। साथ ही हाथ ठेला व घूम-घूमकर व्यवसाय करने वाले छोटे-छोटे दुकानदारों एवं सफाई मित्रों को मेला प्राधिकरण की ओर से नि:शुल्क बैग भी उपलब्ध कराए जायेंगे। मेले में प्लास्टिक की पन्नी बीनने वालों को विशेष प्रोत्साहन दिया जायेगा। ऐसे स्वयंसेवियों को प्राधिकरण भोजन इत्यादि के कूपन प्रदान करेगा।
वाहन मालिकों को इलेक्ट्रोनिक रसीद दिलाई जायेगी
बैठक में इस बात पर भी विशेष बल दिया गया कि मेले में बड़ी संख्या में आने वाले सैलानियों को ध्यान में रखकर पर्याप्त पार्किंग बनाई जाएं। सड़क पर वाहन खड़े करने की स्थिति कदापि निर्मित न हो। मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर ने कहा कि वाहन पार्क करने वाले लोगों को इलेक्ट्रोनिक रसीद दिलाने के प्रयास भी प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे हैं। मेला प्राधिकरण द्वारा पार्किंग की निविदा में इस प्रकार की स्पष्ट शर्त जोड़ी जायेगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्किंग ठेकेदार को निर्धारित शुल्क के बैनर पार्किंग के प्रवेश द्वार पर अनिवार्यत: लगाने होंगे। जिससे अधिक पार्किंग शुल्क वसूलने की शिकायत न रहे।
सम्पूर्ण मेला परिसर में लगेंगे सीसीटीव्ही कैमरे
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सम्पूर्ण मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जायेंगे। मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अशोक जादौन ने कहा कि पार्किंग में भी सीसीटीव्ही कैमरे लगवाए जायेंगे। साथ ही पुलिस की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। रात के समय गश्त पर विशेष जोर रहेगा।
देश के अन्य राज्यों के मंडप व रक्षा प्रदर्शनी लगवाने के प्रयास
हर साल की तरह इस बार भी मेले में प्रदर्शनी सेक्टर लगेगा। मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष ने बताया कि देश के अन्य राज्यों व बड़े-बड़े संस्थानों के मंडप लगाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। साथ ही रक्षा प्रदर्शनी लगवाने के प्रयास भी किए गए हैं। इस सेक्टर में स्वदेशी हथियार प्रदर्शित होंगे। इसके अलावा मालनपुर व बानमोर सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की प्रदर्शनी लगवाने के प्रयास भी गंभीरता से हो रहे हैं। हर बात की तरह इस सेक्टर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनियां लगाई जायेंगीं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्रदर्शनी सेक्टर में स्थानीय युवा एंटरप्रेन्योर के स्टार्टअप के लिये भी जगह उपलब्ध कराने के लिये कहा। साथ ही महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को यह स्टॉल लगाने के लिये एंटरप्रेन्योर से संपर्क करने के निर्देश दिए।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मुशायरा सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
अंतर्राष्ट्रीय पहलवान दिखायेंगे अपना दमखम, इस बार अखिल भारतीय दंगल ग्वालियर व्यापार मेले में इस बार अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता (दंगल) का आयोजन होगा। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरुष व महिला पहलवान प्रदर्शन करेंगे। पिछले साल तक जिला, संभाग व राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता होती रही है।
अन्य खास बातें एवं निर्देश
कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम के अधिकारियों को मेले में पर्याप्त फायरब्रिगेड लगाने और मॉकड्रिल करने निर्देश ।
मेले की साफ-सफाई व्यवस्था की होगी वीडियोग्राफी ।
मेले को डस्टफ्री करने के लिये नगर निगम की फॉगर मशीन करेगी छिड़काव।
सप्ताह में किसी एक दिन 24 घंटे मेला खुला रखने पर भी विचार ।
मेला पर केन्द्रित मोबाइल एप बनाने के प्रयास भी होंगे, जिससे सम्पूर्ण मेले के बारे में लोगों को जानकारी मिल सकेगी।
