MP के 3 बड़े शहरों को मिलेगी मुंबई की सीधी रेल कनेक्टिविटी, दिसंबर से पहले चरण की शुरुआत

भोपाल. आजादी के बाद से रेल का इंतजार कर रहे धार जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के पहले चरण में इंदौर से धार के बीच ट्रेन दौड़ाने का रास्ता साफ हो गया है। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ़्टी (सीआरएस) की निरीक्षण रिपोर्ट ओके होने के बाद केंद्र सरकार ने इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन को हरी झंडी दे दी है। संभावना है कि दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस नए रेलमार्ग पर ट्रेन संचालन का लोकार्पण कर सकते हैं। हालांकि कार्यक्रम की तारीख और स्वरूप अभी तय नहीं हुआ है। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना प्रदेश की व्यवसायिक राजधानी इंदौर, धार और पीथमपुर को मुंबई से सीधा जोड़ देगी। ट्रेन दौड़ने से प्रदेश के इन 3 बड़े शहरों में आवागमन सुलभ हो जाएगा।
धार जिले का दशकों पुराना रेल सपना हकीकत बनने के करीब पहुंच गया है। टीही से धार के बीच तैयार रेलखंड पर टीही, पीथमपुर, सागौर और धार स्टेशन बनाए गए हैं। नियमित यात्री ट्रेन शुरू होने से धार से इंदौर आने-जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं औद्योगिक नगरी पीथमपुर और धार के व्यापार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। 5 और 6 नवंबर को सीआरएस ई. श्रीनिवास और रेलवे अधिकारियों ने 47 किलोमीटर लंबे टीही-धार रेलखंड का निरीक्षण कर ट्रैक की मजबूती, गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों को परखा था। विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई थी, जिस पर अब मंजूरी मिल गई है।
धार की सांसद केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर धार तक रेल संचालन शुरू कराने के लगातार प्रयास कर रही थीं। उन्होंने पिछले दिनों केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर नियमित ट्रेन संचालन शुरू करने की मांग की थी। साथ ही धार रेलवे स्टेशन के विस्तार और रेक पॉइंट तैयार करने का मुद्दा भी उठाया था। रेक पॉइंट बनने से भविष्य में व्यापारियों को माल मंगाने और बाहर भेजने की सुविधा मिलेगी।
ऐतिहासिक सफलता
केंद्रीय राज्यमंत्री व धार सांसद सावित्री ठाकुर ने बताया कि इंदौर से धार के बीच रेल संचालन शुरू करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। सीआरएस की रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। निश्चित तौर पर धार और पीथमपुर को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे धार जिले के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *