टैंपो की मोटर में शॉल फंसने से हुई मौत, झटके से सड़क पर गिरे

ग्वालियर. ठण्ड से बचने के लिये गले में डाला गया शॉल एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया है। रेलवे स्टेशन जाने के लिये टेम्पों में 77 वर्षीय नंदकिशोर गौतम का शॉल सीट के नीचे लगी मोटर में फंस गया। इससे उनके गले में फंदा कस गया और वह झटके से सड़क पर जा गिरे। सिर-शरीर चोट आने से उनकी मौत हो गयी। घटना सोमवार की शाम लगभग 7 बजे स्टेशन से 100 मीटर पहले मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास हुआ है।
टेम्पों में सवार लोगों और राहगीरों की सहायता से उन्हें जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। थाना पड़ाव पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिये डेढ हाउस में रखवा दिया गया है। टेम्पों को जब्त कर चालक के खिलाफ जांच की जा रही है।
आजमगढ़ जाने के लिये घर से निकले थे
नंदकिशोर गौतम शहर के उपनगर मुरार के परसादीपुरा स्थित संकट मोचननगर में रहते थे। घर के पास ही उनकी दुकान थी। उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ में उनका मकान बन रहा है। इससे जुड़ी जमीन के केस के सिलसिले में वह वहां जाने के लिये घर से निकले थे। वह मुरार से टैम्पों नंबर एमपी07 आरए5809 में चालक के बगल वाली आगे की सीट पर बैठे थे। टैम्पों जैसे ही मनसापूर्ण हनुमान मंदिर के पास पहुंचा। उनके गले में लिपटा शॉल नीचे लटकर सीटे के नीचे लगी मोटर में फंस गया। शॉल खिचने से गले का फंदा कस गया। चालक के टैम्पों रोकने से पहले ही वह झटके से नीचे जा गिर पड़े।
पुलिस का कहना है
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव के मुताबिक हादसे में बुजुर्ग की मौत हुई है। टेंपो को पकड़ लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
