छठी पीढ़ी के विमान तैयार करने वाला छठा देश होगा भारत
नई दिल्ली- भारत में छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान विकसित हो रहा है। इसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव है। तकनीक और लड़ाई के तरीकों के आधार पर लड़ाकू विमान विभिन्न पीढ़ियों में बांटे जाते हैं। अभी देश का आधिकारिक स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर कार्यक्रम पांचवीं पीढ़ी का एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है।देश में छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान के विकास की पटकथा प्राइवेट सेक्टर लिख रहा है। डिफेंस कंपनी रेफी एमफाइबर इसे तैयार कर रही है। सोमवार को नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने देश का छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान देने का ऐलान किया। कंपनी के सूत्र ने बताया कि विमान छठी पीढ़ी के तमाम मानकों पर खरा उतरता है। कई मामलों में यह अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान के पैरामीटर्स से भी आगे है। हालांकि, कंपनी इस विमान से जुड़ी बहुत सी जानकारियां गोपनीय रख रही है। इसके लिए वायुसेना की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
कंपनी के अनुसार उसके साथ 12 देशों के विमान इंजीनियर जुड़े हैं। दावा है कि उसने दुनिया में सर्वाधिक पेटेंट वायर किए हैं। एयरक्राफ्ट डिजाइन और निर्माण के लिए 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया है। ड्रोन में विशेषज्ञता के साथ कंपनी ने दिल्ली-NCR में 7 लाख वर्ग फुट में अपनी सुविधा तैयार की है।
छठी पीढ़ी के फाइटर जेट की दुनिया में 5 प्रोजेक्ट जारी हैं। चीन चेंगदू जे-36 और शेनयांग जे-50 के प्रोटोटाइप टेस्ट कर चुका है। छठी पीढ़ी का फाइटर उड़ाने वाला पहला देश है। अमेरिका नेक्स्ट जेन एयर डॉमिनेंस पर काम कर रहा है। ब्रिटेन, इटली व जापान ग्लोबल कॉम्बैट एयर प्रोग्राम पर लगे हैं। फ्रांस, जर्मनी और स्पेन मिलकर फ्यूचर कॉम्बैट एयर सिस्टम पर काम कर रहे हैं। इस मल्टीनेशनल प्रोजेक्ट के नाम के विमान पर काम कर रहा है। इस दौड़ में भारत छठा देश होगा।
भारत में अभी रफाल सबसे उन्नत, इसकी पीढ़ी 4.5 है
फाइटर की पीढ़ी क्या है?
विमान की बनावट, सेंसर, हथियार, नेटवर्किंग और उड़ान तकनीक देखकर उसकी पीढ़ी का वर्गीकरण किया जाता है। इसका कोई एक तय वैश्विक पैमाना नहीं है।
इनमें अंतर क्या होता है?
चौथी पीढ़ी में उन्नत रडार, निर्देशित मिसाइलें और आधुनिक उड़ान नियंत्रण प्रणाली अहम हैं। तेजस एमके1 चौथी पीढ़ी का विमान है। रफाल को आमतौर पर 4.5 पीढ़ी का माना जाता है। पांचवीं पीढ़ी में स्टेल्थ और सेंसर की जानकारी जोड़कर साझा करने की क्षमता खास है। छठी पीढ़ी का विमान मानव रहित विमानों व दूसरे सैन्य सिस्टम के साथ नेटवर्क बना सकेगा।
एआई क्या करेगा?
एआई सेंसरों से मिली जानकारी का तेजी से विश्लेषण कर पायलट को फैसले लेने में मदद करेगा। छठी पीढ़ी के विमानों में मानव-रहित विमानों के साथ मिलकर काम करने की अवधारणा भी शामिल है।
F-35 में खास क्या है?
F-35 पांचवीं पीढ़ी का अमेरिकी लड़ाकू विमान है। इसकी स्टेल्थ बनावट रडार पर पहचान और निशाना साधना कठिन करती है, लेकिन यह अदृश्य नहीं होता। इसके सेंसरों की जानकारी जुड़कर पायलट को युद्धक्षेत्र की समेकित तस्वीर देती है।
स्वदेशी फाइटर किस पीढ़ी के?
तेजस एमके1/एमकेए स्वदेशी चौथी पीढ़ी के विमान हैं। एमकेए की पहली स्क्वॉड्रन मार्च 2027 तक मिलने की उम्मीद वायुसेना प्रमुख ने जताई है। तेजस एमके2 बन रहा है और एएमसीए पांचवीं पीढ़ी का स्टेल्थ फाइटर कार्यक्रम है।
जल्द चुना जाएगा निजी साझेदार
रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) के विकास के लिए 3 औद्योगिक गठबंधनों में से एक का चयन इसी महीने करेगा। इनमें एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के गठबंधन शामिल हैं। चुना गया गठबंधन एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ मिलकर परियोजना पर काम करेगा।
समुद्र की आवाजें सुनकर उपग्रह से संकेत भेजेगा डीआरडीओ का यंत्र
हिंद महासागर में चीन पनडुब्बियों की मौजूदगी और पाकिस्तान की बढ़ती क्षमता के बीच भारत समुद्री निगरानी मजबूत कर रहा है। डीआरडीओ ने ‘वरुण ध्वनि-01’ बनाया है, जो समुद्र के भीतर की आवाजें दर्ज कर संकेत जियोस्टेशनरी उपग्रह से रक्षा प्रयोगशाला भेजेगा। कोचीन की नौसेना प्रयोगशाला ने इसे बनाया है। इसे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में तैनात किया जाएगा।
