डबरा मंडी में अब सुगम होगा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों का आवागमन
ग्वालियर – कृषि उपज मंडी डबरा में किसानों की उपज की तुलाई और वाहनों के सुगम आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद ने सोमवार को मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और जाम की समस्या दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। मंडी के गेट नंबर-3 के सामने एक साथ लगे तीन तौल कांटों की आईडी ब्लॉक करा दी गई है। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों के आवागमन में आसानी होगी।
मंडी के गेट नंबर-3 के सामने 3 तौल कांटे एक साथ संचालित होने से इस गेट से प्रवेश करने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती थी। इससे मंडी परिसर के बाहर और अंदर जाम की स्थिति बन जाती थी। इस समस्या को देखते हुए एसडीएम डबरा द्वारा तीनों तौल कांटों की आईडी ब्लॉक कर दी गई हैं। इनके बंद होने से मंडी परिसर में वाहनों का आवागमन सुगम हो सकेगा। साथ ही मंडी के समीप स्थित एक कॉलेज की पार्किंग का उपयोग भी वाहनों की पार्किंग के लिए किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे अंडरब्रिज से ट्रैक्टरों का आवागमन प्रतिबंधित करने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके अलावा पिछोर सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को मंडी परिसर तक सुगमता से पहुंचाने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर एवं एसडीएम डबरा नवकिरण कौर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
