CRPF जवानों पर हमले का आरोपी लश्कर कमांडर ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी
ग्वालियर. सीआरपीएफ पोस्ट पर फायरिंग करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने बुधवार को एनकाउंटर में मार गिराया। वह एक मस्जिद के अंदर छिपा था। मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए कहा। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है। लतीफ ने जवाब दिया, मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।

सुरक्षा बल 2 दिन से पीछा कर रहे थे
सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इसमें 3 जवान घायल हो गए थे। इसके बाद से दोनों फरार थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को पुलिस ने घेर लिया था। फायरिंग में उमर मारा गया, लेकिन लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था। उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। दो दिन बाद फिर देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपे होने की जानकारी मिली थी।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद सीआरपीएफ के चीफ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने एनकाउंटर का जिक्र किए बिना X पर लिखा- बधाई हो दोस्तों कुछ व्यंजन ठंडे परोसे जाने पर ही सबसे अच्छे लगते हैं, वो भी ठंड के मौसम में। इधर, गृहमंत्री अमित शाह ने भी सुरक्षाबलों की तारिफ की। उन्होंने X पर लिखा- पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।
